अयोध्या में परिक्रमा एवं कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर यातायात डायवर्जन लागू

WhatsApp Channel Join Now

-श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस ने तैयार किया विशेष प्लान, निर्धारित पार्किंग स्थलों का करें उपयोग

अयोध्या, 16 नवंबर (हि.स.)। चौदह कोसी परिक्रमा, पंचकोसी परिक्रमा एवं कार्तिक पूर्णिमा स्नान और मेला के अवसर पर अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

तीन चरणों में लागू रहेगी यातायात व्यवस्था

- चौदह कोसी परिक्रमा: 17 नवंबर को शाम 4 बजे से 19 नवंबर को परिक्रमा एवं भीड़ समाप्त होने तक।

- पंचकोसी परिक्रमा: 20 नवंबर को शाम 6 बजे से परिक्रमा एवं भीड़ समाप्त होने तक।

- कार्तिक पूर्णिमा स्नान/मेला: 23 नवंबर को सुबह 8 बजे से परिक्रमा एवं भीड़ समाप्त होने तक।

प्रमुख मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध

चौदह कोसी परिक्रमा के दौरान सहादतगंज बाईपास, शांति चौक, नवीन मंडी, देवकाली, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमान गुफा, गांधी आश्रम, बालू घाट, असिफबाग, कूड़ाकेशवपुर, राजघाट, कटरा तिराहा, उदया चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर यातायात प्रतिबंध एवं डायवर्जन लागू रहेंगे।

पंचकोसी परिक्रमा के दौरान लकड़मंडी, दुर्गागंज माझा, साकेत, हनुमान गुफा, असिफबाग, विद्याकुंड, महोबरा फ्लाईओवर, टेढ़ी बाजार, उदया चौराहा एवं गैस गोदाम सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया जाएगा।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नया घाट, लता मंगेशकर चौक, हनुमान गुफा, रामघाट, विद्याकुंड, कनकगंज, रायगंज मोड़, टेढ़ी बाजार एवं चूड़ामणि चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

प्रशासन ने बाहरी जनपदों से आने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि गोंडा एवं बस्ती की ओर जाने वाले तथा लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। गोंडा-बस्ती से लखनऊ तथा लखनऊ-बाराबंकी से गोंडा-बस्ती की ओर जाने वाले वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उपयोग कर सकते हैं।

निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें वाहन

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फटिकशिला आश्रम के पास, साकेत पुल के आसपास, दशरथ पथ, बैकुंठ धाम के पास, बालू घाट मल्टीलेवल पार्किंग, सूर्या पैलेस के पास, यश पेपर मिल पार्किंग, उदया चौराहा, आईटीआई परिसर, कटरा रेलवे स्टेशन के सामने तथा अन्य चिह्नित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यातायात पुलिस की अपील

अयोध्या यातायात पुलिस ने जनपदवासियों एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात डायवर्जन का पालन करें, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें तथा अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा के दौरान धैर्य एवं संयम बनाए रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778283 Articles

Share this story