नेशनल हाईवे पर 190 करोड़ की लागत से बनेंगे पांच अंडरपास

WhatsApp Channel Join Now
नेशनल हाईवे पर 190 करोड़ की लागत से बनेंगे पांच अंडरपास


- दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक, ब्लैकस्पॉट खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम, अर्कुना से सट्टी चौराहा तक निर्माण कार्य तेज

-किसानों और स्थानीय लोगों को मिलेगा सुरक्षित आवागमन का लाभ

-अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए साइनेज और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे

अयोध्या, 08 मई (हि.स.)। डबल इंजन की सरकार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में अयोध्या निरंतर विकास और आधुनिक सुविधाओं की ओर अग्रसर है। इसी क्रम में अयोध्या की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यह पहल न केवल आमजन को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करते हुए स्मार्ट सिटी की अवधारणा को भी साकार करेगी।

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 के रामसनेही घाट-अयोध्या खंड पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत से पांच नए अंडरपासों का निर्माण किया जाएगा। इन अंडरपासों के बनने से स्थानीय निवासियों, किसानों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

एनएचएआई के अनुसार, रामसनेही घाट से अयोध्या खंड पर अर्कुना, रानीमऊ, कुढ़ा सादात, भेलसर एवं सट्टी चौराहा सहित कुल पांच स्थानों पर अंडरपास बनाए जाएंगे। ये सभी स्थान पहले सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा ब्लैकस्पॉट के रूप में चिन्हित किए जा चुके हैं, जहां पिछले वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं की कई घटनाएं दर्ज की गई हैं। अंडरपासों के निर्माण से राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों और स्थानीय आवागमन के बीच अलगाव सुनिश्चित होगा, जिससे जन-धन की हानि को रोका जा सकेगा। स्थानीय किसानों और निवासियों ने इस परियोजना का स्वागत किया है। अंडरपास बनने से बच्चों को स्कूल भेजने और खेत जाने में आसानी होगी। इसी तरह रानीमऊ गांव की महिलाएं भी इस विकास कार्य से बेहद खुश हैं।

--लोगों को मिलेगी राहत, हाईवे पर दबाव होगा कम

एनएचएआई के परियोजना निदेशक अवनीत सिद्धार्थ ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात के सुचारु प्रवाह को बढ़ावा देना है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद स्थानीय किसान अपने खेतों तक जाने के लिए सुरक्षित मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बिना किसी जोखिम के सड़क पार कर सकेंगे। उन्होंने कहा, परियोजना के पूरा होने से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा। वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो सकेगी। एनएचएआई ने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रारंभिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं। शीघ्र ही कार्य में तेजी लाई जाएगी।

--ब्लैकस्पॉट्स पर विशेष ध्यान, तेजी से हो रहे सुधार कार्य

मंत्रालय द्वारा चिन्हित इन ब्लैकस्पॉट्स पर अंडरपास बनाने का निर्णय सड़क दुर्घटनाओं को जड़ से समाप्त करने की दिशा में एक ठोस कदम है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना आवश्यक हो गया था। इन अंडरपासों के अलावा अयोध्या-गोरखपुर खंड पर सभी ब्लैक स्पॉट्स पर साइनेज, सूचना बोर्ड, दुर्घटना बाहुल्य चेतावनी बोर्ड तथा अन्य सुधारात्मक कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।

--अयोध्या में विकास की गति तेज

यह परियोजना पूर्ण होने के बाद रामनगरी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेगी। अयोध्या में विकास की गति तेज है और सड़क सुरक्षा के इन उपायों से सुरक्षित अयोध्या, समृद्ध अयोध्या का सपना साकार होता दिख रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story