विहिप का 04 मई को आयोजित होगा समरसता महाकुंभ

WhatsApp Channel Join Now
विहिप का 04 मई को आयोजित होगा समरसता महाकुंभ


विहिप का 04 मई को आयोजित होगा समरसता महाकुंभ


समाज को एक सूत्र में बांधने का अभियान समरसता महाकुंभ है: विजय प्रताप

अयोध्या, 01 मई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में आगामी 4 मई 2026 को क्षत्रिय बोर्डिंग, लालबाग में समरसता महाकुंभ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में समरसता, एकता और सांस्कृतिक जागरण को मजबूत करना है। प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप ने बताया कि समरसता महाकुंभ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने का अभियान है।

उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में संगठित हुआ जाए। महानगर अध्यक्ष अभय ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता में निहित है। इस महाकुंभ के माध्यम से सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संकल्प लिया गया है। वहीं, महानगर संगठन मंत्री अभिषेक ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। विभाग मंत्री धीरेश्वर ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संगठन मंत्री मिलिंद परांडे होंगे। उनके साथ राम मंदिर आंदोलन से जुड़े कलाकार बाबा श्याम नारायण मौर्य की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि यह महाकुंभ सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए ई-रिक्शा प्रचार वाहन को धर्म ध्वजा दिखाकर रवाना किया गया है, जो शहर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को आमंत्रित कर रहा है। साथ ही घर-घर अक्षत भेजकर नागरिकों को ससम्मान आमंत्रण दिया जा रहा है। आयोजन को व्यापक स्वरूप देने के लिए गायत्री परिवार, आर्य समाज एवं अभिनव भारत न्यास सहित कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं सक्रिय सहयोग कर रही हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) बी.के. सिंह, महानगर मंत्री अखिलेश वर्मा, सह मंत्री अभिनव सिंह राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक गतिविधियां आयोजित होंगी, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, कार्यकर्ताओं और युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story