हर घर तिरंगा कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की सुनिश्चित की जाए अधिक से अधिक सहभागिता : मुख्य विकास अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की सुनिश्चित की जाए अधिक से अधिक सहभागिता : मुख्य विकास अधिकारी


-हर घर तिरंगा कार्यक्रम को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के निर्देश

-ग्राम पंचायत स्तर पर निकाली जाएं तिरंगा यात्राएं, स्वच्छता एवं साफ-सफाई का रखा जाए विशेष ध्यान

अयोध्या, 11 अगस्त (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में मंगलवार काे ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के सकुशल एवं भव्य आयोजन की तैयारियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को पूरी गरिमा, भव्यता एवं उत्साह के साथ आयोजित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी ममता सिंह, डीसी एनआरएलएम, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पर्यटन अधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। विद्यालयों में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया जाए।

जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि 15 अगस्त के अवसर पर विद्यालयों में विविध सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी विकासखंडों में तिरंगा यात्रा का आयोजन कराया जाए। ग्राम प्रधानों के माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत में भी तिरंगा यात्रा निकाली जाए तथा ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के साथ व्यापक रूप से सफल बनाया जाए। कार्यक्रम के दौरान साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान को जनपद में भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story