अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता के लिए व्यापक प्रबंध

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता के लिए व्यापक प्रबंध


-योगी सरकार के निर्देश पर अयोध्या में छठ पूजा व परिक्रमा के लिए नगर निगम ने दी उत्कृष्ट व्यवस्थाएं

-घाट क्षेत्रों में 9 स्थायी व 136 अस्थाई चेन्जिंग रूम की निशुल्क व्यवस्था

-गुप्तारघाट व नयाघाट पर उत्कृष्ट साफ-सफाई की हुई व्यवस्था

अयोध्या, 13 नवंबर (हि.स.)। छठ पूजा पर्व, चौदहकोसी व पंचकोसी परिक्रमा के दृष्टिगत योगी आदित्यनाथ सरकार के निर्देशों पर अयोध्या नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। घाटों से लेकर परिक्रमा मार्गों तक सफाई, पेयजल, शौचालय, बदलने के कक्ष और जागरूकता अभियान जैसी सुविधाएं पूरी की गई हैं।

छठ पूजा के दृष्टिगत समस्त घाटों पर, विशेषकर गुप्तारघाट एवं नयाघाट पर उत्कृष्ट साफ-सफाई व्यवस्था की गई है। नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनके द्वारा नियमित पर्यवेक्षण किया जा रहा है। अयोध्या धाम क्षेत्र में 24×7 सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप नगर निगम अयोध्या ने इन व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया है, ताकि छठ पूजा और परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और सुरक्षित अनुभव मिले।

कैम्प, सेल्फी पॉइंट और बने कपड़े बदलने के कक्ष

श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु गुप्तारघाट एवं नयाघाट पर नगर निगम द्वारा कैम्प लगाए गए हैं। इनमें निगम संबंधी व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। गुप्तारघाट एवं नयाघाट पर स्थापित टेंट के आसपास सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं। महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए घाट क्षेत्रों में स्थाई चेन्जिंग रूम-09 तथा अस्थाई चेन्जिंग रूम-136 की निशुल्क व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा और पेयजल की व्यवस्था

श्रद्धालुओं को करंट आदि से बचाव के लिए समस्त घाटों पर स्थापित विद्युत पोलों पर प्लास्टिक पॉलीथीन कवर लगाए गए हैं। चौदहकोसी/पंचकोसी परिक्रमा मार्गों के विभिन्न स्थलों पर नगर निगम द्वारा कैम्प लगाए गए हैं। इन टेंटों में प्रकाश, विश्राम हेतु कुर्सियां तथा पेयजल की व्यवस्था की गई है। पेयजल हेतु विभिन्न स्थलों पर वाटर टैंकर भी स्थापित किए गए हैं।

घाट क्षेत्रों में 471 बायो शौचालय स्थापित

नगर निगम सीमांतर्गत विभिन्न स्थलों एवं घाट क्षेत्रों में 471 बायो शौचालय स्थापित किए गए हैं, जिनसे श्रद्धालुओं को निशुल्क प्रसाधन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नगर निगम सीमा में 85 वाटर कूलर (अयोध्या धाम में 48 एवं कैंट क्षेत्र में 37) तथा 25 वाटर कियोस्क (अयोध्या धाम में 18 एवं कैंट में 07) स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से स्थानीय नागरिकों तथा श्रद्धालुओं-पर्यटकों को नियमित निशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। सार्वजनिक/सामुदायिक शौचालय भी प्रसाधन सुविधा प्रदान कर रहे हैं।

परिक्रमा मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर व्यापक इंतजाम

बस स्टेशन, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, होमस्टे, रेलवे स्टेशन तथा अधिक भीड़भाड़ वाले स्थलों पर उत्कृष्ट साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं के पैदल चलने हेतु समस्त फुटपाथ पर प्रवर्तन दल द्वारा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई है।

प्रसारित किए जा रहे यातायात संबंधी जागरूकता संदेश

घाटों एवं परिक्रमा मार्गों पर आवारा गौवंश/छुट्टा पशुओं के रोकथाम हेतु टीमें गठित की गई हैं। इनके द्वारा आवारा गौवंश को पकड़कर गौशाला भेजा जा रहा है। अयोध्या को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने तथा पॉलीथीन मुक्त रखने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) और वेरिएबल मैसेजिंग सिस्टम (वीएमएस) के माध्यम से स्थानीय नागरिकों तथा श्रद्धालुओं-पर्यटकों को स्वच्छता अपनाने, पॉलीथीन का प्रयोग न करने तथा यातायात संबंधी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

अयोध्या के महापौर एवं महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। छठ पूजा और परिक्रमा के अवसर पर नगर निगम का प्रयास है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और अयोध्या की स्वच्छता एवं गरिमा बनी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776754 Articles

Share this story