कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी में टेका मत्था

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी में टेका मत्था


अयोध्या, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी में मत्था टेका। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर जुटाई गई धनराशि और राम जन्मभूमि से जुड़े आर्थिक मामलों की सच्चाई देश के सामने लाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं का उपयोग कर करोड़ों श्रद्धालुओं से धन संग्रह किया गया, लेकिन उसका पूरा और पारदर्शी हिसाब आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान, गंगा-जमुनी संस्कृति और जनता की आस्था के सम्मान की पक्षधर रही है, जबकि भाजपा ने धर्म और आस्था को राजनीतिक लाभ का माध्यम बना दिया है। पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने राम जन्मभूमि आंदोलन और उससे जुड़े आर्थिक मामलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिलापूजन और जनसहयोग के नाम पर एकत्र की गई धनराशि का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लगभग 1400 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के उपयोग को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए और उस समय जिम्मेदार पदों पर रहे लोगों को देश की जनता के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने राम जन्मभूमि से जुड़े भूमि खरीद और आर्थिक लेन-देन के मामलों को गंभीर बताते हुए कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक करे। साथ ही जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।

अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरे मामले में जवाब देने के बजाय तथ्यों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के शीर्ष पदों पर ऐसे लोगों की नियुक्ति की गई, जिनका सीधा संबंध केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री कार्यालय से रहा है, इसलिए केंद्र सरकार इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित चोरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और जवाब मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चेतनारायण सिंह और महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ,पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह एवं जिला प्रवक्ता शीतला पाठक सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story