समाज को संगठित कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा संघ : डॉ० अनिल मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
समाज को संगठित कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा संघ : डॉ० अनिल मिश्रा


अयोध्या, 18 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत माता मंदिर, शाहगंज में रविवार काे हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता रही और राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना व सामाजिक समरसता के संदेश को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ० अनिल मिश्रा (ट्रस्टी, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र) ने अपने उद्बोधन में संघ की सौ वर्षों की राष्ट्रसेवा यात्रा को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि संघ ने समाज को संगठित कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कार्यवाह, राष्ट्र सेविका समिति श्रद्धा ने नारी शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक उत्थान में महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया। सम्मेलन में प्रमुख कार्यकर्ता के रूप में जिला सह कार्यवाह आनन्द सोनी, राज सरन, संजय गुप्ता, संतोष गुप्ता, केशव, अजय, रमेश पाण्डेय, मानस मणि तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संघ के विचारों और सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि के रूप में मानस मणि तिवारी अपने 200 समर्थकों के साथ सम्मेलन में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति से आयोजन में उत्साह और जनसमर्थन का वातावरण और सुदृढ़ हुआ। सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान एवं संगठनात्मक संकल्प के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story