देश के विकास और निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : अंकित शुक्ल

WhatsApp Channel Join Now
देश के विकास और निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : अंकित शुक्ल


राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संगोष्ठी आयोजित

अयोध्या, 09 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर युवा केंद्रित कार्यक्रम के अंतर्गत शिवदयाल जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, तुलसीनगर में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीताकांत सदन के महंत रामानुजाचार्य रहे। मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कला मंच के अखिल भारतीय प्रमुख अंकित शुक्ल ने युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताते हुए कहा कि देश के विकास और निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के राम लला नगर के सह-नगर संघचालक द्वारिका प्रसाद पांडेय ने की। उन्होंने युवाओं को अपने व्यक्तित्व के विकास के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनि कुमार शुक्ल ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत करते हुए कहा कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देकर राष्ट्र निर्माण के कार्य में सहभागी बनाना समय की आवश्यकता है। आभार नगर कार्यवाह अभय ने किया। कार्यक्रम का संचालन उर्मिला शुक्ला ने किया। समापन वंदेमातरम से हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story