श्रीराम जन्मभूमि परिसर में दो स्थानों पर फहरा तिरंगा
-बच्ची छोड़कर जाने वालों को खोजने में दो पुरस्कृत
अयोध्या, 15 अगस्त (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दो स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर नियंत्रण कक्ष के उन दो पुलिसजनों को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने मन्दिर में दुधमुंही बच्ची को त्याग कर जाने वालों को खोजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालु सुविधा केन्द्र (पीएफसी) के सामने ट्रस्टी महंत दिनेन्द्र दास महाराज ने तिरंगा फहराया। इसके अलावा पुलिस विभाग की ओर से शेषावतार मन्दिर के समीप ध्वज फहराया गया। जन्मभूमि में क्षेत्राधिकारी महेंद्र शुक्ला ने सलामी ली। क्षेत्राधिकारी परिसर रंजना गुप्ता सहित, चौकी इंचार्ज सुनील कुमार भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर नियंत्रण कक्ष के ब्रजेन्द्र यादव व अवधेश पांडेय को सम्मानित भी किया गया। इन दोनों पुलिस जनों ने मंदिर परिसर में बच्ची छोड़कर जाने वालों को खोजने में प्रमुख भूमिका निभाई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

