रामजन्मभूमि : जय श्रीराम के गगननाद से गूँज रहा मंदिर
अपने आराध्य के दर्शन कर निहाल हो गए श्रद्धालु
अयोध्या, 19 नवंबर (हि.स.)। प्रभु श्रीराम की इस पवित्र भूमि पर होने वाली 14
कोसी परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना और आत्मानुभूति का एक अलौकिक अनुभव है। इस लंबी पदयात्रा में सरयू के तटों से लेकर धर्मनगरी के प्राचीन कुंजों, मंदिरों और गुप्तार घाट की पावन धाराओं के बीच से गुजरने का सौभाग्य मिलता है। परिक्रमा आज समाप्त हो गई लेकिन उसकी अनुगूंज सुनाई दे रही है।
इस अवसर पर कोई भी श्रद्धालु प्रभु श्रीरामलला के दर्शन बिना नही लौटना चाहता। इसीलिए दर्शन के लिए भक्तों
की बड़ी संख्या मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी है! हर दिन कई हज़ार भक्त दर्शन-लाभ ले रहे हैं। पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम के गगननाद से गुंजायमान हो रहा है!
देश के कोने-कोने से भारी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं।
बताया गया कि इस सप्ताह अब तक करीब दो लाख भक्तों ने दर्शन किए। दर्शन पाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।
प्रशासन और सुरक्षा बलों द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भारी जनसैलाब को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इस ऐतिहासिक मेले और रामलला के दर्शन के लिए उमड़ी इस असीम आस्था से पूरी नगरी राममय हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

