अयोध्या: तृप्ति शाक्य के स्वर 'सखी मिल गाओ री मंगल, प्रभु श्री राम आए हैं' से भक्तिमय हुए श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या: तृप्ति शाक्य के स्वर 'सखी मिल गाओ री मंगल, प्रभु श्री राम आए हैं' से भक्तिमय हुए श्रद्धालु


अयोध्या, 01 जनवरी (हि.स.)। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा आयोजित द्वितीय प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह के मंच पर चौथे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में पार्श्व गायिका तृप्ति शाक्य ने अपने स्वरों का जादू बिखेरा| तृप्ति संगीत की धुनों के बीच सत्यम शिवम् सुंदरम् की गायकी के साथ मंच पर श्रोताओं के बीच सामने आई| तृप्ति के साथ श्रोता भी स्वर गुनगुनाने के साथ ताल देने लगे| तृप्ति की भाव भंगिमाए कुछ नृत्य जैसा आभास भी देती रहीं| सखी मिल गाओ री मंगल, प्रभु श्री राम आए हैं गीत की स्वर लहरियां छेडी पूरा पंडाल मस्ती में झूम उठा|

प्रदेश के इटावा जनपद में जन्मी व प्रयागराज में पली बढ़ी तृप्ति शाक्य प्रसिद्ध पार्श्व गायिका हैं| जो हिंदी और भोजपुरी संगीत में अपने स्वरों के लिए पहचानी जाती हैं| भक्ति और लोक गीतों में उन्होंने हिंदी, भोजपुरी के अलावा बंगाली, राजस्थानी, पंजाबी, संस्कृत, नेपाली कई भाषाओं के गीतों में स्वर दिया है| तृप्ति को मोहम्मद रफी पुरस्कार और अंतर्राष्ट्रीय भोजपुरी रत्न पुरस्कार जैसे कई सम्मान मिल चुके हैं। 18 वर्ष की किशोरावस्था से ही गायन शुरू करने वाली तृप्ति अब तक 700 से अधिक एल्बम और कई फिल्मों के लिए अपनी आवाज़ दे चुकी है| भगवान राम औऱ बाबा श्याम के गीत खूब सराहे गए|

प्रतिष्ठा द्वादशी मंच पर तृप्ति ने दुनिया में यही एक सुखदायी नाम, श्रीराम जय राम जय जय राम| तेरे सब बिगड़े संवार देगा काम, श्रीराम जय राम जय जय राम||, इसके बाद जो प्रेम गली में आए नहीं प्रियतम का ठिकाना क्या जाने गीत पर श्रोताओं को झूमने पर विवश किया, एक के बाद एक क्रमशः लगाओ प्रभू से लगन धीरे धीरे..., कभी राम बनके कभी श्याम बनके, एक के बाद एक गीतों की प्रस्तुति दी तो श्रोता भावविभोर हो उठे| इसके फ़िल्मी धुन दीवाने है दीवानों को न घर चाहिए पर भजन से मौजूद लोगों को झुमाया| मेरी झोपडी के भाग देखो खुल गए आज राम आए है पर पंडाल भक्ति रस से सराबोर हो उठा| नगरी हो अयोध्या सी रघुकुल सा घराना हो, चरण हो राघव के जहाँ मेरा ठिकाना हो पर सभी मुग्ध हो गए|

कार्यक्रम मंच पर ट्रस्ट महासचिव चम्पतराय, राजेंद्र सिंह पंकज, डॉ अनिल मिश्र, गोपाल, धनंजय पाठक, डॉ चंद्र गोपाल पाण्डेय, विनोद श्रीवास्तव, कप्तान केके तिवारी, भोलेन्द्र आदि उपस्थित रहे| कार्यक्रम का संचालन देशदीपक मिश्र व संयोजन आशीष मिश्र ने किया|

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story