राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिला बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिला बढ़ावा


-अयोध्या में देर रात तक गुलजार रहे बाजार, कारोबार को मिल रही रफ्तार

-सुदृढ़ कानून व्यवस्था और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग से व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा

अयोध्या, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का असर स्थानीय बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। व्यापारियों के अनुसार, अब बाजारों में देर रात तक चहल-पहल बनी रहती है और दुकानें देर तक खुली रहने से कारोबार को भी अवसर मिल रहे हैं।

हनुमानगढ़ी, चौक, टेढ़ी बाजार, रामपथ और सिविल लाइन समेत प्रमुख बाजारों में शाम के बाद भी रौनक दिखाई देती है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही से दुकानें गुलजार रहती हैं। व्यापारियों का कहना है कि योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस की सक्रियता ने उन्हें सुरक्षित माहौल में कारोबार करने का भरोसा दिया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार से स्थानीय व्यापार को नई गति मिली है।

रात होते ही सताने लगता था डर

अयोध्या उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले गुंडे-मवाली दुकानों पर आतंक फैलाते थे। रात होते ही डर का माहौल बनने लगता था। कई बार जबरन वसूली और लूट की घटनाएं होती थीं, जिसके कारण बाजार जल्दी बंद करने पड़ते थे और कारोबार प्रभावित होता था।उन्होंने कहा कि अब पुलिस की नियमित गश्त और सख्ती से व्यापारी निश्चिंत होकर कारोबार कर पा रहे हैं। उनके मुताबिक, दुकानें रात 11 से 12 बजे तक खुली रहती हैं और बिक्री पहले की तुलना में दोगुनी हो गई है।

सुरक्षा बेहतर होने से कारोबार में बढ़ोतरी

चौक बाजार के बेकरी कारोबारी संदीप मंध्यान ने कहा कि पहले कमजोर कानून व्यवस्था और गुंडाराज के चलते रात में बाजार सूने पड़ जाते थे। अपराधियों की गतिविधियों के कारण व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आने के बाद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। अब देर रात तक ग्राहक बाजार पहुंचते हैं और उनके कारोबार में 60 से 70 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।

पुलिस पेट्रोलिंग से व्यापारियों का भरोसा मजबूत

रिकाबगंज के दवा कारोबारी सुशील जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले रात के अंधेरे में गुंडे दुकानों पर आ जाते थे। कभी पैसे मांगते तो कभी सामान लूट लेते थे। ऐसे माहौल में कई व्यापारी जल्दी दुकान बंद कर घर जाने को मजबूर होते थे और कारोबार प्रभावित होता था।उन्होंने कहा कि अब पुलिस की पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी से सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। रात में भी माल की आवाजाही जारी रहती है और बिक्री बेहतर हो रही है।

बाजारों में बढ़ी रौनक, कारोबारियों को मिल रहे अवसर

चौक बाजार के बर्तन कारोबारी कमल कौशल ने कहा कि पहले गुंडाराज के कारण रात में कारोबार करना जोखिम भरा था और कई बार नुकसान उठाना पड़ा। उनके मुताबिक, योगी सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और पुलिस दिन-रात गश्त करती है। अब बाजार देर रात तक जगमगाते हैं और कारोबार पहले से बेहतर हुआ है।

अपराधियों के खिलाफ जारी है सख्त कार्रवाई: एसएसपी

अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमित पेट्रोलिंग, चेक पोस्ट और सीसीटीवी निगरानी के जरिए बाजारों में भयमुक्त माहौल बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी देर रात तक सुरक्षित महसूस कर सकें, यह प्राथमिकता है। लक्ष्य है कि कोई भी अपराधी सिर न उठा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765779 Articles

Share this story