रामलला के दर्शन के बाद, मां कालिका के भजन का हुआ लॉन्चिंग

WhatsApp Channel Join Now
रामलला के दर्शन के बाद, मां कालिका के भजन का हुआ लॉन्चिंग


काशी के शिव भजन की शूटिंग पूरी, मथुरा और उज्जैन पर भी भजन लाने की तैयारी

अयोध्या, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भजन गायिका अर्चना मिश्रा ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद दंतधावन कुंड स्थित अचारी मंदिर में मां कालिका को समर्पित भजन की लॉन्चिंग में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने अपनी संगीत यात्रा और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।

मूल रूप से सुल्तानपुर की रहने वालीं और वर्तमान में गुरुग्राम में निवास कर रहीं अर्चना मिश्रा ने बताया कि अयोध्या और भगवान श्रीराम से उनका विशेष लगाव है। श्रीराम मंदिर के उद्घाटन से प्रेरित होकर उन्होंने अपना पहला भजन प्रभु श्रीराम को समर्पित किया था। श्रोताओं से मिले प्रोत्साहन के बाद उन्होंने विभिन्न देवी-देवताओं और तीर्थस्थलों की महिमा को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने का संकल्प लिया।

उन्होंने बताया कि चामुंडा माता, मां बगलामुखी और मां कालिका सहित विभिन्न देवी स्वरूपों पर आधारित उनके भजन यूट्यूब पर उपलब्ध हैं। भजन लेखन और संगीतबद्ध करने में रुचि रखने वाली अर्चना मिश्रा का उद्देश्य भारतीय धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को सुरों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है। अर्चना मिश्रा ने बताया कि काशी के भगवान शिव पर आधारित भजन की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिसे जल्द ही रिलीज करने की तैयारी है। इसके अलावा मथुरा के कान्हा जी को समर्पित भजन भी श्रोताओं के बीच लाने की योजना है। आने वाले समय में उज्जैन सहित देश के अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों पर आधारित भजन तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या से मिली प्रेरणा के बाद उनकी कोशिश है कि देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की महिमा और उनसे जुड़ी आस्थाओं को भजनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story