आशीर्वाद के दीपों से जगमगाई अयोध्या, विभिन्न स्थलों पर जलाए गए दीप
अयोध्या, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना के साथ जिले और महानगर क्षेत्र के विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों पर ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही बूथों के सार्वजनिक स्थलों तथा लाभार्थियों ने अपने घरों के सामने भी दीप जलाए।
सूर्यकुंड में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी की अगुवाई में दीप प्रज्ज्वलन व हवन पूजन किया गया। यहां लेजर शो का भी आयोजन हुआ। लता चौक पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, नंदीग्राम में पूर्व सांसद लल्लू सिंह तथा दशरथ समाधि स्थल पर जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह की अगुवाई में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके अलावा राम मंदिर और अयोध्या एयरपोर्ट परिसर में भी दीप जलाए गए। जिले में चिन्हित 24 प्रमुख आध्यात्मिक एवं धार्मिक स्थलों पर भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सार्वजनिक स्थलों से लेकर घरों तक दीपों की रोशनी के बीच प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, श्रद्धा और जनसहभागिता का संदेश भी दिया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व सांसद ने मरी माता मंदिर में हवन पूजन किया। श्री राम चिकित्सालय में फल वितरण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

