मोदी के जन्मदिवस पर अयोध्या में सेवा गतिविधियों की श्रृंखला, धार्मिक स्थलों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया

WhatsApp Channel Join Now
मोदी के जन्मदिवस पर अयोध्या में सेवा गतिविधियों की श्रृंखला, धार्मिक स्थलों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया


- स्वच्छता, रक्तदान और दीप प्रज्ज्वलन से मोदी के जन्मदिवस पर अयोध्या में सेवा अभियान

अयोध्या, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अयोध्या महानगर में विभिन्न सेवा, स्वच्छता, रक्तदान, फल वितरण और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित करेगी। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

सुबह सात बजे विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान और पौधरोपण किया जाएगा। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता पाटेश्वरी मंदिर, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी लता चौक, पूर्व सांसद लल्लू सिंह देवकाली मंदिर, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह दशरथ समाधि तथा पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय सूर्यकुंड पर स्वच्छता अभियान में सहभागिता करेंगे और पौधरोपण करेंगे।

प्रातः नौ बजे जिला अस्पताल में भाजयुमो की जिला एवं महानगर इकाई की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इसके साथ ही विभिन्न चिकित्सालयों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। जिला चिकित्सालय में विधायक अयोध्या, महिला चिकित्सालय में जिला पंचायत प्रशासक, मेडिकल कॉलेज में महापौर तथा अनाथालय अयोध्या में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव की ओर से फल वितरण किया जाएगा। पूरा बाजार सीएचसी में ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह की अगुवाई में फल वितरण होगा।

शाम को सूर्यकुंड में प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना के साथ हवन-पूजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी होंगे। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की मौजूदगी में सूर्यकुंड पर 2500 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा लता चौक, राम मंदिर तथा एयरपोर्ट सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। बूथों के सार्वजनिक स्थलों और लाभार्थियों के घरों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया गया है। यह पहल अयोध्या महानगर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है।

तैयारी बैठक में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रमों को सेवा, स्वच्छता और जनसहभागिता से जोड़कर व्यापक रूप दिया जा रहा है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि जन्मदिवस के अवसर पर सेवा गतिविधियों के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है और विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को जनसहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story