11 जोन में बंटा 14 कोसी परिक्रमा मार्ग, सैकड़ों मजिस्ट्रेट की निगरानी में रहेंगे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
11 जोन में बंटा 14 कोसी परिक्रमा मार्ग, सैकड़ों मजिस्ट्रेट की निगरानी में रहेंगे श्रद्धालु


-पंचकोसी परिक्रमा कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए भी जोन वाइज किया डिवाइड

-प्रत्येक जोन में सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात

-योगी सरकार के निर्देश पर अयोध्या में परिक्रमा-कार्तिक पूर्णिमा मेला की वृहद व्यवस्था

अयोध्या, 14 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में कार्तिक पूर्णिमा मेले को सकुशल सम्पन्न कराने की कवायद जोर शोर से चल रही है। 14 कोसी, पंचकोसी व कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दिन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। चौदह परिक्रमा मेले के दौरान मार्ग को 11 जोन में बांटा गया है। इसी तरह अन्य मेलों के दिन भी मार्गो को जोन वाइज डिवाइड किया गया है। जोन में सैकड़ों मजिस्ट्रेट किए गए हैं। इन्हीं अधिकारियों की निगरानी में परिक्रमा मेला व कार्तिक पूर्णिमा स्नान संपन्न कराया जाएगा।

जिला प्रशासन ने प्रांतीयकृत चौदह कोसी व पंचकोसी परिक्रमा तथा कार्तिक पूर्णिमा मेला के लिए व्यापक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार मेला 18 नवंबर से 24 नवंबर तक चलेगा। चौदह कोसी परिक्रमा 17/18 नवंबर रात्रि 1.10 बजे से 19/20 नवंबर रात्रि 2.55 बजे तक, पंचकोसी 20 नवंबर रात्रि 3.01 बजे से 21 नवंबर रात्रि 2.37 बजे तक तथा मुख्य स्नान 23 नवंबर रात्रि 10.48 बजे से 24 नवंबर रात्रि 8.52 बजे तक होगा। योगी सरकार की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति-व्यवस्था और सुव्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने की है। इसी को ध्यान में रखते हुए चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग को 11 जोन तथा गुप्तारघाट जोन सहित कुल 12 जोनों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पंचकोसी परिक्रमा के लिए भी जोन-1 से जोन-8 तक अलग व्यवस्था की गई है, जिसमें कई जोन चौदह कोसी से मिलते-जुलते हैं लेकिन कुछ क्षेत्रों में मार्ग व ड्यूटी स्थल अलग हैं। योगी सरकार के इस व्यापक इंतजाम का उद्देश्य लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भक्तिमय अनुभव प्रदान करना है। अपर जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी तथा सभी कार्यदायी विभागों को समन्वय स्थापित कर शांति, यातायात और विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत और अग्निशमन व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। यह व्यवस्था योगी सरकार की सुशासन और श्रद्धालु-केंद्रित प्रशासनिक दृष्टिकोण की मिसाल है।

कनक भवन में चार व यातायात जोनों में कई सेक्टर शामिल

कार्तिक पूर्णिमा स्नान और अयोध्या मेला क्षेत्र के लिए चौदह व पंचकोसी परिक्रमा के अलावा घाट जोन, नागेश्वरनाथ जोन, हनुमानगढ़ी जोन, कनक भवन जोन तथा यातायात/भीड़ नियंत्रण जोन-प्रथम व द्वितीय सहित लगभग छह प्रमुख जोन बनाए गए हैं। इन जोनों में मंदिरों, घाटों, रामपथ, यातायात मार्गों और भीड़ नियंत्रण बिंदुओं पर अलग-अलग सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। घाट जोन में चार सेक्टर, नागेश्वरनाथ में पांच, हनुमानगढ़ी में दस (शिफ्ट सहित), कनक भवन में चार तथा यातायात जोनों में कई सेक्टर शामिल हैं।

बैरियर, चौराहे, घाट और संवेदनशील बिंदुओं पर सौ से अधिक स्टेटिक मजिस्ट्रेट

सेक्टर मजिस्ट्रेटों की संख्या दोनों पालियों (प्रथम पाली रात्रि 10 बजे से प्रातः 9.30 बजे तथा द्वितीय पाली प्रातः 9 बजे से रात्रि 10.30 बजे) को मिलाकर दर्जनों में है। प्रत्येक जोन में आमतौर पर दो-दो सेक्टर मजिस्ट्रेट (एक-एक पाली) लगाए गए हैं। चौदह कोसी में सेक्टर 1 से 21 तक तथा पंचकोसी में अतिरिक्त सेक्टर शामिल हैं। स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी बड़ी संख्या में तैनात हैं—जोन-1 में नौ, जोन-10 में 22 सहित कुल मिलाकर सौ से अधिक स्टेटिक मजिस्ट्रेट विभिन्न बैरियर, चौराहे, घाट और संवेदनशील बिंदुओं पर तैनात किए गए हैं। कुल मिलाकर सेक्टर, स्टेटिक, जोनल, सुपर जोनल, सब जोनल, केंद्रीय नियंत्रण कक्ष तथा आरक्षित मजिस्ट्रेटों को मिलाकर सैकड़ों अधिकारी ड्यूटी पर लगाए गए हैं।

आरक्षित सूची में भी 50 से अधिक अधिकारी

आरक्षित सूची में भी 50 से अधिक अधिकारी रखे गए हैं ताकि किसी भी कमी की स्थिति में तुरंत तैनाती हो सके। केंद्रीय मेला नियंत्रण कक्ष नया घाट स्थित सिंचाई गेस्ट हाउस के पास संचालित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777262 Articles

Share this story