अयोध्या में बदल रही पंचकोसी मार्ग की तस्वीर

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या में बदल रही पंचकोसी मार्ग की तस्वीर


-473 करोड़ की परियोजना का 95 फीसदी काम पूरा

-दीपोत्सव से पहले अयोध्या को मिलेगी फोरलेन की सौगात, अंतिम चरण में निर्माण

-9.025 किलोमीटर मार्ग पर बिछा विकास का नया अध्याय, रोशनी और हरियाली से सजेगा पथ

अयोध्या, 22 अगस्त (हि.स.)। रामनगरी की तस्वीर बदलने वाले प्रोजेक्ट से पंचकोसी पथ का कायाकल्प हो रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 9.025 किलोमीटर लंबे मार्ग को चार लेन में चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। 473.22 करोड़ रुपये से संवर रहे इस पथ पर भौतिक प्रगति 95 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।

पहले संकरा और असुविधाजनक रहा यह मार्ग अब चौड़ी सड़क, आधुनिक स्ट्रीट लाइट्स और हरियाली से सजा नजर आएगा व रोड के दोनों तरफ बीच में डिवाइड भी बनाया गया हैं। दोनों तरफ लगे ऊंचे लैंपपोस्ट रात के समय भी मार्ग को रोशन रखेंगे, जिससे श्रद्धालुओं की परिक्रमा आसान और सुरक्षित हो सकेगी। सड़क के किनारे हरियाली और आधुनिक सुविधाओं से लैस यह पथ न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय लोगों के आवागमन को भी सुगम बनाएगा। इस मार्ग पर चौड़ीकरण का काम 16 अक्टूबर 2023 को शुरू हुआ था। निर्माण की रफ्तार को देखते हुए दीपोत्सव से पहले ही अयोध्यावासियों और श्रद्धालुओं को फोरलेन मार्ग की सौगात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लोक निर्माण विभाग (खंड 4) अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि कार्य के अंतिम चरण में सड़क की फिनिशिंग, ड्रेनेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटिंग और सौंदर्यीकरण पर फोकस किया जा रहा है। पूरा होने के बाद यह मार्ग अयोध्या के विकास की नई मिसाल बनेगा।

हर वर्ष लाखों श्रद्धालु करते हैं परिक्रमा

पंचकोसी परिक्रमा अयोध्या की सबसे पवित्र परंपराओं में से एक है। लाखों श्रद्धालु हर वर्ष इस मार्ग पर पैदल चलकर भगवान राम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं। पहले संकरी सड़क और अपर्याप्त रोशनी के कारण कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब चार लेन का यह सुव्यवस्थित मार्ग उनकी यात्रा को सुखद अनुभव बनाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लंबे समय तक यह मार्ग मजबूत और टिकाऊ बना रहे।

होटल संचालकों व परिवहन व्यवसायियों को भी लाभ पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने वाले इस प्रोजेक्ट से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। व्यापारियों, होटल संचालकों और परिवहन व्यवसायियों को इसका सीधा लाभ पहुंचने की संभावना है। अयोध्या प्रशासन और लोक निर्माण विभाग दोनों मिलकर इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं। दीपोत्सव के पहले फोरलेन मार्ग का उद्घाटन होने पर अयोध्या की रामलीला और दीपोत्सव समारोह और भी भव्य नजर आएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story