पंचायती राज दिवस पर गूंजा संकल्प : मजबूत पंचायत-सशक्त गांव
अयोध्या, 24 अप्रैल (हि.स.)। पंचायती राज दिवस के अवसर पर हैरिंग्टनगंज ब्लॉक सभागार में साथी- उ.प्र. संस्था द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्रामीण विकास को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एडीओ पंचायत अरविन्द कुमार ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र की मजबूत नींव है, जो गांव स्तर पर आमजन को निर्णय प्रक्रिया में सीधे भागीदारी का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने 73वें संविधान संशोधन की अहमियत बताते हुए पंचायतों को मिले अधिकारों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शत्रुघ्न तिवारी एवं अशोक कुमार चौरसिया ने ग्राम सभा की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा जब वह अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। ग्राम पंचायत अधिकारी विष्णु कुमार ने भी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
साथी संस्था के डायरेक्टर ललित, प्रदीप, अंजलि और वंदना ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और जनजागरूकता के माध्यम से समावेशी विकास की दिशा में निरंतर कार्यरत है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत राज व्यवस्था के तीनों स्तर ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीणों को स्थानीय समस्याओं के समाधान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने 'मजबूत पंचायत सशक्त गांव समृद्ध भारत' के संकल्प को दोहराते हुए ग्राम सभा को एक सशक्त और प्रभावी मंच बनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

