अयोध्या पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, रामलला के दरबार में नवाया शीश
- तरुण चुघ, महेश शर्मा और नागेंद्र ने रामलला के दरबार में नवाया शीश, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने विधान परिषद की सभी 11 सीटों पर जीत का किया दावा
अयोध्या, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ बुधवार को अयोध्या पहुंचे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र और पूर्व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा का भी महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आगमन हुआ। एयरपोर्ट पर भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी नेताओं का स्वागत किया। तरुण चुघ, महेश शर्मा और नागेंद्र ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दरबार में शीश नवाया। वहीं, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निखिल मणि त्रिपाठी, राष्ट्रीय महामंत्री हर्षवर्धन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्र का भी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आगामी विधान परिषद चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में भाजपा सभी 11 सीटों पर विजय हासिल करेगी और समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
केशव मौर्य ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी।
अखिलेश यादव के रामराज्य संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए उप मुख्यमंत्री ने सपा पर नकली समाजवाद का सहारा लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार के दौरान अपराधियों, माफियाओं और दंगाइयों को संरक्षण मिला तथा जमीनों पर कब्जे की घटनाएं हुईं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में सुशासन को मजबूत करते हुए आगामी चुनाव में फिर जीत हासिल करेगी।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य नेता भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की दिवंगत मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने बस्ती के लिए रवाना हुए। कहा कि भाजपा के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं का अयोध्या आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का अवसर है। भगवान श्रीराम की नगरी में उनका स्वागत करना सौभाग्य की बात है।
जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का अयोध्या आगमन पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। सभी नेताओं का स्वागत कर कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपना उत्साह और समर्पण व्यक्त किया है।
एयरपोर्ट पर नेताओं का स्वागत करने वालों में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, जिला पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह रोहित, अभिषेक मिश्र, संजीव सिंह, महामंत्री शिवेन्द्र सिंह, परमानंद मिश्र, हरभजन गौड, रवि शर्मा, महानगर मंत्री शिवम् शुक्ला, स्वाती सिंह, सहित बडी संख्या पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

