अयोध्या : पलिया शाहबदी में मियावाकी पद्धति से स्थापित होगा संजीवनी उपवन

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या : पलिया शाहबदी में मियावाकी पद्धति से स्थापित होगा संजीवनी उपवन


-भूमिपूजन संपन्न, सीएसआर फंड से विकसित होगा जानकी जलाशय

अयोध्या, 04 अगस्त (हि.स.)। अयोध्या

नगर निगम और आईपीएल लखनऊ के संयुक्त प्रयास से आईपीएल सीएसआर फंड के माध्यम से पलिया शाहबदी क्षेत्र में मियावाकी पद्धति पर आधारित संजीवनी उपवन तथा जानकी जलाशय का विकासित किया जाएगा। परियोजना का शुभारंभ मंगलवार को भूमि पूजन कर किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आईपीएल के निदेशक विश्वास स्वरुप अग्रवाल, आईपीएल सीएसआर हेड रामकृष्णन सुब्रह्मण्यम, कंप्लायंस ऑफिसर नरेंद्र ओझा, अविनाश शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहें।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने कहा कि रामनगरी को अधिक हरित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में यह उपवन एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे प्रयास जनसहभागिता से ही सफल हो सकते हैं।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम अयोध्या शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के लिए लगातार छोटे-बड़े उपवन विकसित कर रहा है। यह परियोजना भी उसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी होगी। मियावाकी पद्धति से तैयार होने वाला संजीवनी उपवन कम स्थान में घना, जैव विविधता से भरपूर और पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत उपयोगी होगा। इसके साथ ही विकसित किया जाने वाला जानकी जलाशय वर्षा जल संरक्षण, भूजल संवर्धन तथा स्थानीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी ने कहा कि जानकी जलाशय जल संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी मॉडल बनेगा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे वाइस ऑर्गनाइजेशन चेयरमैन पवन पांडेय ने बताया कि इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लगभग दो वर्षों में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भूमि पूजन के साथ ही कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस भूमि पर वाइस ऑर्गनाइजेशन आईपीएल के सहयोग से वृक्षारोपित करेगी और जलाशय का निर्माण करेगी। यहां का प्रबंधन मनोज मिश्र देखेंगे।

आईपीएल सीएसआर हेड रामकृष्णन सुब्रह्मण्यम ने धन्यवाद ज्ञापित कर समापन कार्यक्रम का किया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story