नगर निगम एवं सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम एवं सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान


-महापौर ने भाजपा बूथ अध्यक्षों को कराया श्रीराम जन्म भूमि का दर्शन

अयोध्या, 09 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महानगर अयोध्या क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों ने शुक्रवार को दोपहर तीन बजे महापौर महंत गिरीपति त्रिपाठी के नेतृत्व में श्रीराम जन्म भूमि का दर्शन किया। दर्शन के उपरांत बूथ अध्यक्षों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान महापौर ने उनसे केंद्र एवं प्रदेश सरकार के साथ नगर निगम की उपलब्धियों एवं कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती में बूथ अध्यक्षों की अहम भूमिका रही है। बूथ अध्यक्षों की मेहनत के परिणाम स्वरूप भाजपा जन-जन के बीच लोकप्रिय है। उन्होंने एसआईआर को गंभीरता से लेकर बूथ स्तर पर छूटे मतदाताओं का नाम बढ़ाने, 18 साल की आयु पूरी कर चुके नवयुवकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने नगर निगम की विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं, पेयजल व्यवस्था एवं स्वच्छता संबंधी खूबियों से बूथ अध्यक्षों को परिचित कराया और कहा कि यदि कोई गड़बड़ी दिखाई पड़े तो उन्हें तत्काल अवगत कराएं। समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। इस मौके पर निषाद चौराहा स्थित सबरी रसोई होटल में बैठक कर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आगामी 12 जनवरी को आगमन पर स्वागत का खाका खींचा गया। इस दौरान बूथ तथा शक्ति केंद्र अध्यक्षों को अंग वस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

बैठक एवं दर्शन कार्यक्रम में भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष डॉ. राकेशमणि त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, पार्षद दीप कुमार, रमाशंकर निषाद, राजकरण, प्रांशु अग्रवाल, पूर्व पार्षद अशोका द्विवेदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, विनोद श्रीवास्तव, किशन मौर्य, सुबोध चतुर्वेदी, सरदार जसवीर सिंह, दुर्गा प्रसाद, श्रीनिवास शास्त्री आदि शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story