स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन के लिए अयोध्या में 'प्रगति 50' लागू
-केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया उद्घाटन
अयोध्या, 29 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन के लिए भारत सरकार ने 'प्रगति 50' की पहल शुरू कर दी है। इसके तहत 29 सितंबर मंगलवार को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसकी शुरुआत की।
अयोध्या धाम जोनल कार्यालय में आयोजित बैठक में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। योजना के तहत प्रदेश की जिन नगर निगमों को शामिल किया गया है, उनमें आगरा, लखनऊ, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, वाराणसी के साथ अयोध्या प्रमुख रूप से शामिल है।
अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने बताया कि 26 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में 51वीं प्रगति बैठक हुई, जिसमें 50वीं प्रगति बैठक के निर्णय को लागू करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि इसके तहत शहरी स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और इस्तेमाल किए गए जल का प्रबंधन जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
इसके लागू होने से अयोध्या में स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
संक्रामक बीमारियों को रोकने के लिए सजगता से चलाएं स्वच्छता अभियान: महापौर
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई 'संभव' में कुल 24 मामले आए, जिसमें से 16 प्रकरण का मौके पर ही समाधान किया गया। इस मौके पर महापौर ने अधिकारियों को आगामी एक अक्टूबर से चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण मच्छरों का प्रकोप फिर से बढ़ाने की आशंका को देखते हुए एंटी लार्वा का छिड़काव नालियों में अभियान चलाकर कराया जाए। महापौर ने पेयजल स्रोतों के क्लोरिनेशन कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बरसात बीत जाने के कारण निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने निर्माण कार्य, जल भराव तथा पेड़ों की छटाई कराने जैसे विषयों पर भी अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। इस दौरान नगर निगम के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से महापौर एवं अधिकारियों को अवगत कराया और उसका समाधान कराया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव एवं सुमित कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आरएम शुक्ल, निर्माण खंड के सहायक अभियंता राजपति यादव, भारत वर्मा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

