गोवंश संरक्षण के लिए नगर निगम ने शुरु की ‘गो निधि’ मुहिम, क्यूआर कोड से करें सहयोग

WhatsApp Channel Join Now

-क्यूआर कोड स्कैन कर नागरिकों ने गोवंश संरक्षण के लिए जमा की सहयोग राशि

- महापौर ने कहा, गोवंश संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना उद्देश्य

अयोध्या, 18 अगस्त (हि.स.)। गोवंश संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए अयोध्या नगर निगम ने ‘गो निधि’ अभियान की शुरुआत की। जोनल कार्यालय में आयोजित समारोह में मंगलवार काे महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान क्यूआर कोड के माध्यम से यहां पार्षद एवं अन्य लोगों ने गोवंश संरक्षण के लिए सहयोग राशि जमा की।

महापौर ने कहा कि गोवंश संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘गो निधि’ अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। क्यूआर कोड के माध्यम से नागरिक अपनी इच्छानुसार सहयोग राशि दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए समाज के समक्ष वर्ग से संपर्क करेंगे।

इस अवसर पर उपसभापति संतोष सिंह, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, पार्षद विनय जायसवाल, अनिल सिंह, रमाशंकर निषाद, अनिकेत त्रिपाठी, रिशु पांडे, महेंद्र शुक्ला सहित नगर निगम के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जनसुनवाई में आए 14 प्रार्थना पत्र, 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने अधिकारियों को मौके पर जाकर नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए हर संभव उपाय किए जाएं। सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सड़क व नाली निर्माण, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन की खुदाई सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर सुनवाई की गई।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडे, जोनल अधिकारी विनय सिंह, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव, भारत वर्मा, सहायक अभियंता जलकर जयकुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story