जलभराव से निपटने को नगर निगम अलर्ट, 24 घंटे चलेगा कंट्रोल रूम

WhatsApp Channel Join Now
जलभराव से निपटने को नगर निगम अलर्ट, 24 घंटे चलेगा कंट्रोल रूम


-महापौर व नगर आयुक्त ने किया शुभारंभ, तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे कर्मचारी

- 1533 और 1800-313-1277 पर दर्ज कराएं शिकायत, 24 घंटे में होगा निस्तारण

अयोध्या, 10 जुलाई (हि.स.)। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से नगरवासियों को त्वरित राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की है। शुक्रवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता बरसात के दौरान शहर को जलभराव मुक्त रखना है। इसके लिए सभी जोन में टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। कहीं भी जलभराव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

नगर आयुक्त ने बताया कि कंट्रोल रूम को 24 घंटे संचालित करने के लिए तीन शिफ्टों में दो-दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नगरवासी 1533 तथा 1800-313-1277 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि शिकायत मिलते ही संबंधित जोन की टीम को मौके पर भेजकर निर्धारित समय के भीतर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भाजपा के वरिष्ठ पार्षद बृजेंद्र सिंह, चंदन सिंह, धर्मेंद्र मिश्र, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, सुनील यादव, जगत नारायण यादव, सहायक अभियंता (निर्माण) राजपति यादव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story