पीएम स्वनिधि महोत्सव में डिजिटल लेनदेन करने वाले वेंडरों का सम्मान, स्वरोजगार अपनाने वाले वेंडरों की किस्मत योजना ने बदली : महापाैर

WhatsApp Channel Join Now
पीएम स्वनिधि महोत्सव में डिजिटल लेनदेन करने वाले वेंडरों का सम्मान, स्वरोजगार अपनाने वाले वेंडरों की किस्मत योजना ने बदली : महापाैर


अयोध्या, 24 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन के छह वर्ष पूर्ण होने तथा जून माह में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत नगर निगम अयोध्या में बुधवार को भव्य “स्वनिधि महोत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्य अतिथि महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि गरीब के तबके के लोग इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सैकड़ों लोगों ने इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाया है, उनकी आर्थिक स्थिति में आशातीत सुधार हुआ है। लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार बताया कि इसकी अवधि मार्च 2030 तक बढ़ा दी गई है। योजना के तहत पात्र रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को चरणबद्ध तरीके से प्रथम ऋण 15 हजार रुपये, द्वितीय ऋण 25 हजार रुपये तथा तृतीय ऋण 50 हजार रुपये तक उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि द्वितीय ऋण का समय पर पूर्ण भुगतान करने वाले वेंडरों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी प्रदान की जाती है।

अपर नगर आयुक्त एवं परियोजना निदेशक नगरीय विकास अभिकरण डॉ. नागेंद्र नाथ ने बताया कि ऋण की समय पर अदायगी और अधिकाधिक डिजिटल लेनदेन करने वाले लाभार्थियों को कैशबैक प्रोत्साहन भी मिलता है। इसके अतिरिक्त योजना के अंतर्गत लाभार्थियों की प्रोफाइलिंग कर उन्हें केंद्र सरकार की आठ जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ बनाया जा सके

इस दौरान डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने वाले स्वनिधि लाभार्थी वेंडरों को महापौर ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। योजना के सफल संचालन में योगदान देने वाले नगर निगम के कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वेंडरों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण (हेल्थ चेक-अप) शिविर आयोजित किया गया। विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदन भी स्वीकार किए गये।

इस अवसर पर पार्षद अनीता द्विवेदी, शहर मिशन प्रबंधक डूडा बृजेश श्रीवास्तव, सतीश कुमार, बृजेश कुमार, सबीहा, कोमल, गायत्री आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story