विद्युत व्यवस्था में सुधार को लेकर विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
विद्युत व्यवस्था में सुधार को लेकर विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश


- ढीले तार और जर्जर खंभों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश, 24 घंटे सक्रिय रहे कंट्रोल रूम

अयोध्या, 15 सितंबर (हि.स.)। विद्युत व्यवस्था में जनअपेक्षाओं के अनुरूप सुधार और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न विद्युत समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर विधायक ने तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में ढीले विद्युत तार और जर्जर खंभों की समस्या प्रमुखता से उठी। विधायक ने अधिकारियों को ऐसे तारों और खंभों को चिह्नित कर तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। नहरबाग क्षेत्र में हाईटेंशन तार के लटकने की समस्या को भी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया। वहीं मझवा गद्दोपुर में करीब 250 मीटर दूरी से विद्युत कनेक्शन दिए जाने की समस्या भी बैठक में उठाई गई।

आबादी वाले क्षेत्रों में स्थापित ट्रांसफार्मरों को सुरक्षा की दृष्टि से जाली से कवर कराने के निर्देश भी विधायक ने अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप त्योहारी सीजन में शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 20 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता के फोन अवश्य उठाएं तथा विद्युत संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि किसी भी समस्या का समयबद्ध समाधान हो सके।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि विभागीय अधिकारी पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से सामने आने वाली जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में अधीक्षण अभियंता 11 केवी मनीष चौबे, अधीक्षण अभियंता विद्युत विनय कुमार, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, हरभजन गौड़, कपिल देव वर्मा, मीडिया प्रभारी अमित मिश्र सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story