अयोध्या में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए बनेगा आधुनिक बहुउद्देशीय खेल संकुल
अयोध्या, 27 अगस्त (हि.स.)। अयोध्या में दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक, बाधारहित और बहुउद्देशीय खेल संकुल का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक राजेश कुमार सिंह ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी को पत्र लिखकर इस परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
विभाग का उद्देश्य दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए दिव्यांग खिलाड़ियों को तैयार करने हेतु अयोध्या में आधुनिक, समावेशी और बाधारहित खेल संकुल का निर्माण प्रस्तावित है। यह परिसर दिव्यांगजनों की विभिन्न श्रेणियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, सुलभ शौचालय व पार्किंग समेत तमाम सुविधाएं होंगी
प्रस्तावित खेल संकुल में आउटडोर और इंडोर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण व्यवस्था, फिजियोथेरेपी, फिटनेस सुविधा, खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, सुलभ शौचालय, पार्किंग, प्रशासनिक भवन तथा अन्य आवश्यक सहायक सुविधाएं शामिल होंगी। संकुल को यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी और बैरियर फ्री जोन के मानकों पर आधारित बनाया जाएगा, ताकि दिव्यांग खिलाड़ी बिना किसी बाधा के सुविधाओं का उपयोग कर सकें। यह परिसर न केवल खेल प्रशिक्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि दिव्यांगजनों के समग्र विकास का माध्यम भी साबित होगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमोदित वार्षिक कार्ययोजना में जनपद अयोध्या में बाधारहित बहुउद्देशीय खेल संकुल की स्थापना का कार्य सम्मिलित किया गया है। भूमि चयन की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है।
नगर निगम सीमा के समीप ही निर्माण प्रस्तावित
परियोजना के लिए न्यूनतम 1.50 से 2.00 एकड़ स्थान की आवश्यकता बताई गई है। भूमि नगर निगम या स्थानीय निकाय की सीमा के अंतर्गत अथवा उसके समीप होनी चाहिए। यातायात की दृष्टि से सुगम स्थान चुना जाए, ताकि दिव्यांग खिलाड़ी और उनके अभिभावक सार्वजनिक परिवहन तथा अन्य साधनों से आसानी से पहुंच सकें। भविष्य में खेल संकुल के विस्तार की संभावना भी ध्यान में रखकर भूमि चयन किया जाना चाहिए।
स्थानीय दिव्यांग खिलाड़ियों को नई सुविधा मिलेगी
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या में इस तरह का आधुनिक खेल परिसर बनने से न केवल स्थानीय दिव्यांग खिलाड़ियों को नई सुविधा मिलेगी, बल्कि पूरे प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच भी मिलेगा। फिजियोथेरेपी से लेकर प्रशिक्षण तक की सारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होने से खिलाड़ियों का समय और ऊर्जा दोनों बचेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

