अयोध्या के अबानपुर सरोहा में आकार ले रहा ग्रामीण पर्यटन केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या के अबानपुर सरोहा में आकार ले रहा ग्रामीण पर्यटन केंद्र


-मसौधा के गांव में ही बन रहा आकर्षक थीमेटिक गेट, एक करोड़ की लागत से विकसित हो रहा ग्रामीण पर्यटन केंद्र

-पर्यटकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, यात्री हॉल से लेकर शौचालय तक

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं से अयोध्या में ग्रामीण पर्यटन को विस्तार

अयोध्या, 28 सितंबर (हि.स.)। अयोध्या जिले के मसौधा ब्लॉक के ग्राम अबानपुर सरोहा में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए थीमेटिक गेट एवं पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण तेजी से आकार ले रहा है। थीमेटिक गेट गांव के प्रवेश को आकर्षक बनाएगा और ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान देगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की ग्रामीण पर्यटन योजनाओं के तहत अयोध्या में कई ऐसे केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। अबानपुर सरोहा का यह प्रोजेक्ट भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। गांव के आसपास पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होने से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। अयोध्या का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पहले से ही विश्व प्रसिद्ध है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन सुविधाओं के विकास से पूरे क्षेत्र का पर्यटन मानचित्र और मजबूत हो रहा है। अबानपुर सरोहा का यह केंद्र इसी प्रयास का हिस्सा है, जो आने वाले समय में पर्यटकों को आकर्षित करेगा और गांव को नई पहचान देगा।

जानिए क्या-क्या सुविधाएं रहेंगी केंद्र में

योजना के अंतर्गत यात्री हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, सैंड स्टोन फ्लोरिंग, आकर्षक गेट, इंटरलॉकिंग टाइल्स, पेयजल व्यवस्था, स्टोन बेंच, दिशासूचक बोर्ड और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वर्तमान में यात्री हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, साइनेज और गेट की फिनिशिंग का काम प्रगति पर है। अब तक 90 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए यह केंद्र एक महत्वपूर्ण सुविधा परिसर साबित होगा। यहां स्टोन फ्लोरिंग और इंटरलॉकिंग से सुंदर वातावरण बनेगा, जबकि पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और स्टोन बेंच से पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।

पर्यटकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण स्थान बनेगा

निर्माणाधीन भवन की तस्वीरों से साफ है कि संरचना लगभग तैयार हो चुकी है। अंदरूनी हिस्से में भी काम तेजी से चल रहा है। पूरा होने के बाद यह केंद्र अयोध्या आने वाले पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनेगा, जहां वे आराम कर सकेंगे और ग्रामीण परिवेश का आनंद ले सकेंगे। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं।

योजना के अंतर्गत लगभग पूरा हो चुका है कार्य

उत्तर प्रदेश यू0 पी0 प्रोजेक्टस कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा संचालित इस परियोजना की स्वीकृत लागत एक करोड़ रुपये है। परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पर्यटन विभाग से प्राप्त निधि से चल रहे और लगभग कार्य पूरा होने वाला हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story