जीआईसी से अब डिजिटल योद्धा बनकर निकलेंगे विद्यार्थी

WhatsApp Channel Join Now
जीआईसी से अब डिजिटल योद्धा बनकर निकलेंगे विद्यार्थी


- 14 करोड़ रुपये से बनेगी हाईटेक एआई लैब, विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक तकनीक की शिक्षा

- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से अयोध्या को मिलेगी अत्याधुनिक एआई लैब, तीन विद्यालयों के छात्र होंगे लाभान्वित

- अब अयोध्या के छात्र सीखेंगे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जीआईसी में बनेगा अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर

अयोध्या, 15 जुलाई (हि.स.)। टाटा टेल्को की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में 14 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक हाईटेक एआई लैब का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी पहल से अयोध्या के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और आधुनिक प्रौद्योगिकी की विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध होगी। यह परियोजना न केवल अयोध्या बल्कि आसपास के क्षेत्र के शिक्षा जगत को नई दिशा प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को प्राचीन सांस्कृतिक नगरी के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा और प्रौद्योगिकी का केंद्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी कड़ी में जीआईसी में 14 करोड़ रुपये की भव्य एआई लैब स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इस लैब से अयोध्या के तीन राजकीय विद्यालयों के हजारों विद्यार्थी सीधे लाभान्वित होंगे। लैब में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, डेटा साइंस और अन्य उभरती हुई तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें राजकीय इंटर कालेज ददेरा, राजकीय इण्टर कालेज टकसरा और राजकीय हाई स्कूल सराय सागर में क्षेत्रीय लैब स्थापित किये जाएंगे।

यह परियोजना डिजिटल भारत और स्किल इंडिया मिशन के अनुरूप है। अभिभावक और शिक्षाविद् इस कदम का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने इसे अयोध्या के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से अयोध्या के विद्यार्थी अब आधुनिक भारत के डिजिटल योद्धा बनकर उभरेंगे। 14 करोड़ रुपये की इस एआई लैब से न केवल शिक्षा की तस्वीर बदलेगी बल्कि अयोध्या पूरे देश के लिए प्रौद्योगिकी और संस्कृति के सामंजस्य का प्रतीक बनेगा।

भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार होंगे विद्यार्थी

लैब में जीआईसी अयोध्या में प्रस्तावित इस एआई हब से जुड़ी मुख्य बातें यह है कि इस हाई-टेक लैब में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों आधुनिक कंप्यूटर सिस्टम, हाई-स्पीड इंटरनेट, स्मार्ट क्लासरूम, रोबोटिक्स किट्स और एआई सॉफ्टवेयर की पूरी सुविधा उपलब्ध होगी। विद्यार्थी यहां न केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्राप्त करेंगे बल्कि प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स, वर्चुअल सिमुलेशन और रियल-टाइम एप्लीकेशन्स पर काम करेंगे। इससे वे भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार होंगे।

पहले चरण में विकसित होंगे क्लासरूम

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ पवन कुमार तिवारी ने बुधवार काे बताया कि लैब का निर्माण चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। पहले चरण में बुनियादी ढांचा, कंप्यूटर लैब और स्मार्ट क्लासरूम विकसित किए जाएंगे। प्रशिक्षित शिक्षकों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वे विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से मार्गदर्शन दे सकें। जीआईसी को इस परियोजना के माध्यम से पूरे उत्तर प्रदेश में मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पहल से अयोध्या के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को समान अवसर मिलेंगे। जो विद्यार्थी पहले पारंपरिक शिक्षा तक सीमित थे, अब वे वैश्विक स्तर की तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story