जिलाधिकारी ने रामघाट अंत्येष्टि स्थल के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने रामघाट अंत्येष्टि स्थल के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश


जिलाधिकारी ने सड़क, पार्किंग, शेड, शौचालय, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने के दिए निर्देश

अयोध्या, 10 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने गुरुवार को रामघाट अंत्येष्टि स्थल (फटिक शिला) का निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अंत्येष्टि स्थल पर सड़क निर्माण, वृक्षारोपण, पार्किंग व्यवस्था, शेड, डिवाइडर, दुकानों के आवंटन, शौचालय, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं सोलर लाइट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्यों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से आगे बढ़ाते हुए निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अंत्येष्टि स्थल पर आने वाले नागरिकों को बेहतर एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने राम कथा संग्रहालय में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त जयेंद्र, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण अनुराज जैन, अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story