अयोध्या में दीपोत्सव के लिए मार्किंग शुरू, शुक्रवार को होगा भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या में दीपोत्सव के लिए मार्किंग शुरू, शुक्रवार को होगा भूमि पूजन


-योगी सरकार के दसवें दीपोत्सव में 30 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी

-सरयू तट के 56 घाटों पर तैयारियां तेज

-अवध विश्वविद्यालय जुटाएगा 35 हजार वालंटियर, सौंपी जाएगी घाटवार जिम्मेदारी

अयोध्या, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। सरयू तट पर दीपोत्सव के लिए 56 घाटों की मार्किंग शुरू कर दी गई है। इस बार विस्तारित राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल सहित कुल 56 घाटों पर दीप सजाए जाएंगे। पहले 55 घाटों पर आयोजन होता था। इस बार 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए 33 लाख दीप मंगाए जा रहे हैं। भूमि पूजन शुक्रवार को होगा।

33 लाख दीपों की व्यवस्था, टूट-फूट के लिए अतिरिक्त इंतजाम

डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि दीपों को लाने और बिछाने के दौरान कुछ दीप टूट जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए लक्ष्य से अधिक दीप मंगाए जा रहे हैं। घाटों की साफ-सफाई के बाद योजनाबद्ध तरीके से मार्किंग का कार्य शुरू करा दिया गया है। घाटों पर इस्तेमाल होने वाली सामग्री नगर निगम के रानी हो पार्क के पास रखवाई जा रही है, जिससे तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके।

शुक्रवार सुबह घाट संख्या 10 पर होगा भूमि पूजन

दीपोत्सव के सकुशल और निर्विघ्न आयोजन की कामना के साथ अवध विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 7:30 बजे मां सरयू के तट पर घाट संख्या 10 पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया जाएगा। अनुष्ठान कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के कर-कमलों से संपन्न होगा। इसमें विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य और समन्वयक शामिल होंगे।

माइक्रो-प्लानिंग से हो रही 56 घाटों की मार्किंग

प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि इस वर्ष दीपोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए कुल 56 घाट निर्धारित किए गए हैं। सभी घाटों पर दीयों की व्यवस्थित शृंखला बिछाने के लिए माइक्रो-प्लानिंग के तहत काम किया जा रहा है, ताकि तय समय सीमा में तैयारियां पूरी की जा सकें। मार्किंग कमेटी के संयोजक एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि दीयों को सटीक और आकर्षक स्वरूप में सजाने के लिए चार वर्ग फीट के ब्लॉक चिह्नित किए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक में निर्धारित संख्या के अनुसार दीपों का खाका तैयार किया जा रहा है। उनकी टीम अगले तीन से चार दिनों में मार्किंग का कार्य पूरा कर लेगी।

30 डिग्री और 40 इंटर कॉलेजों के विद्यार्थी बनेंगे वालंटियर

दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए 35 हजार वालंटियर लगाए जाएंगे। इनमें 30 डिग्री कॉलेजों, 40 इंटर कॉलेजों और अवध विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थी शामिल होंगे। साकेत महाविद्यालय, राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज, साहबदीन सीताराम इंटर कॉलेज, मनोहर लाल इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शिव सावित्री महाविद्यालय, कैनोसा इंटर कॉलेज, ग्रामर इंटरनेशनल स्कूल, एमआर जयपुरिया स्कूल, बीएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज और भगवान आशा बख्श सिंह महाविद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भागीदारी करेंगे। वालंटियर घाटों पर दीप बिछाने से लेकर उन्हें प्रज्ज्वलित करने तक की जिम्मेदारी संभालेंगे। विद्यार्थियों को इसके लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र से होगी वालंटियर की पहचान

लाखों दीपों को प्रज्ज्वलित कर विश्व कीर्तिमान बनाने की तैयारी के बीच स्वयंसेवकों का ऑनलाइन पंजीकरण अंतिम चरण में है। पंजीकरण पूरा होते ही वालंटियर को घाटवार जिम्मेदारियां और पहचान पत्र सौंपे जाएंगे। क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्रों पर नाम, फोटो, मोबाइल नंबर, तैनाती स्थल और क्रमांक अंकित रहेगा। साथ ही जिला प्रशासन के प्राधिकृत अधिकारी, दीपोत्सव नोडल अधिकारी और संबंधित संस्था के अधिकृत प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी होंगे। इससे पहचान का सत्यापन आसान होगा और डुप्लीकेसी रोकने में मदद मिलेगी।अवध विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन दीपों की उपलब्धता, घाटों की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती और सुरक्षा सहित सभी पहलुओं पर मिलकर काम कर रहे हैं। दसवें दीपोत्सव में 30 लाख दीपों से सरयू तट को रोशन करने के लक्ष्य के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story