दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण


-सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करें: जिलाधिकारी

अयोध्या, 28 सितंबर (हि.स.)। दीपोत्सव को भव्य, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जैनेंद्र, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, उपनिदेशक पर्यटन बीपी सिंह, सीओ अयोध्या आशुतोष त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने राम कथा पार्क, पार्किंग स्थल, चौधरी चरण सिंह घाट, किंग हो पार्क, राम की पैड़ी, सरयू घाट सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपोत्सव से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई एवं सिल्ट की सफाई, घाटों की मरम्मत, विद्युत पोलों की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही झांकियों एवं वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों को पूर्व से ही सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने को कहा।

जिलाधिकारी ने मंच व्यवस्था को भी समय से दुरुस्त करने तथा कार्यक्रम स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं एवं अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशिष्ट संतजनों के आवागमन के मार्ग को भी पहले से चिन्हित कर सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव अयोध्या की गरिमा एवं भव्यता से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए तैयारियां समय से पूर्ण करें, ताकि दीपोत्सव महोत्सव-2026 को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story