प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 10 लाख से अधिक गोल्डेन कार्ड जारी

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 10 लाख से अधिक गोल्डेन कार्ड जारी


अयोध्या, 25 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ साल बेमिसाल रहे। इस दौरान प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प हो रहा है। रामनगरी अयोध्या जनपद इस कायाकल्प बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरा है, जहां स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और आम जन तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से लाखों लाभार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) के तहत अयोध्या में अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक 10,17,102 से अधिक गोल्डन कार्ड जारी किए गए हैं। इन कार्डों के माध्यम से पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध हो रहा है। गंभीर बीमारियों के इलाज में अब गरीब परिवारों को आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ रहा है। सरकारी और निजी पैनल अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा से मरीजों को राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में अयोध्या में स्वास्थ्य सेवाओं का यह विस्तार न केवल चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत कर रहा है, बल्कि गरीबों, महिलाओं और ग्रामीणों को सशक्त भी बना रहा है।

--टीकाकरण और वृद्धजनों की देखभाल जैसी सुविधाएं एक छत के नीचे

जनपद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) की संख्या 14, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) की संख्या 30 तथा अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या 7 हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए 301 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। इन मंदिरों में सामान्य बीमारियों का उपचार, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण और वृद्धजनों की देखभाल जैसी सुविधाएं एक छत के नीचे उपलब्ध हैं। दूरदराज के गांवों तक पहुंची ये सुविधाएं अब आम लोगों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य का मजबूत आधार बन गई हैं।

--मातृ मृत्यु दर हुई कम, स्वस्थ शिशुओं का जन्म सुनिश्चित

माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक 86,165 से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। गर्भवती महिलाओं को पोषण सहायता, प्रसव पूर्व जांच और आर्थिक सहयोग से मातृ मृत्यु दर कम हुई है तथा स्वस्थ शिशुओं का जन्म सुनिश्चित हो रहा है।

--आने वाले समय में जनपद स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा: सीएमओ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने बताया कि आयुष्मान भारत मिशन के अंतर्गत किए गए इन प्रयासों से जनपद में चिकित्सा पहुंच आसान हुई है, इंतजार की अवधि घटी है और इलाज की गुणवत्ता में सुधार आया है। अब अयोध्या के नागरिक गर्व से कह सकते हैं कि स्वास्थ्य सेवाएं उनके द्वार तक पहुंच गई हैं। योगी सरकार का यह संकल्प है कि हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले, ताकि ‘स्वस्थ अयोध्या, स्वस्थ उत्तर प्रदेश’ का सपना साकार हो सके। आने वाले समय में और अधिक आधुनिक अस्पतालों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जनपद स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story