चार करोड़ से तैयार होगा एनिमल क्रेमिटोरियम सेंटर
- अयोध्या में आकार ले रहा आधुनिक एनिमल क्रेमिटोरियम सेंटर
-स्मार्ट सिटी योजना के तहत कान्हा गोशाला में बन रहा आधुनिक एनिमल क्रेमिटोरियम सेंटर
-पशुओं के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए बन रहा अत्याधुनिक सेंटर
अयोध्या, 14 मई (हि.स.)। स्मार्ट सिटी योजना के तहत अयोध्या नगर निगम की एक अनूठी और संवेदनशील पहल के रूप में बैसिंह स्थित कान्हा गोशाला में आधुनिक एनिमल क्रेमिटोरियम सेंटर तेजी से तैयार हो रहा है। लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस हाईटेक सेंटर से पशुओं के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था सुनिश्चित होगी, जो शहर की स्वच्छता और पशु संरक्षण दोनों को नई दिशा देगा।
यह केंद्र पशुओं की मृत्यु के बाद उनके शवों का वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से निपटान करेगा। पारम्परिक तरीकों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के साथ-साथ शहर की सड़कों और नालों में मृत पशुओं के पड़े रहने की समस्या पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा। सेंटर में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक क्रेमेटर, ऑटोमेटेड सिस्टम, वेंटिलेशन प्लांट और प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाए जा रहे हैं। यहां पशु प्रेमियों और गोशाला प्रबंधन को एक ही छत के नीचे सुविधाजनक और गरिमापूर्ण समाधान मिल सकेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पशु कल्याण और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को इस परियोजना के माध्यम से साकार किया जा रहा है।
--पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई मिसाल
अयोध्या को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल आधुनिकता का प्रतीक बनेगा बल्कि राम नगरी की पवित्रता और स्वच्छता को भी बनाए रखेगा। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार परियोजना पूर्ण होने के बाद अयोध्या में पशु स्वास्थ्य प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई मिसाल कायम होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे केंद्र अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन सकते हैं।
--संरक्षण व स्वच्छता में निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि एनिमल क्रेमिटोरियम सेंटर का निर्माण कार्य अपनी पूर्णता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। शीघ्र ही यह सुविधा जनता के उपयोग में आ जाएगी, जो पशु संरक्षण और शहर की स्वच्छता दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

