वडनगर से वाराणसी निकली सेवा संकल्प यात्रा अयोध्या पहुंची

WhatsApp Channel Join Now
वडनगर से वाराणसी निकली सेवा संकल्प यात्रा अयोध्या पहुंची


अयोध्या, 04 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का रविवार की रात्रि में अयोध्या महानगर की सीमा में पहुंचने पर गरुड़ द्वार पर स्वागत किया गया। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने यात्रा में शामिल सेवा यात्रियों का स्वागत किया। इस अवसर पर युवामोर्चा महानगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजयुमो की यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर को उनकी लोकसभा क्षेत्र वाराणसी से जोड़ रही है। यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ना है। यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों के युवा शामिल हैं।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जनसंवाद, जरूरतमंदों की सहायता, वरिष्ठ नागरिकों से संवाद तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यात्रा को केवल बाइक यात्रा के बजाय सेवा गतिविधियों से जोड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि युवाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने और सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने में इस तरह के अभियानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं का अयोध्या की धरती पर स्वागत करते हुए उनके सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story