अवध विश्वविद्यालय में पांचवें अंतरराष्ट्रीय नदी सम्मेलन का सफल समापन, नदी प्रबंधन व तकनीक पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
अवध विश्वविद्यालय में पांचवें अंतरराष्ट्रीय नदी सम्मेलन का सफल समापन, नदी प्रबंधन व तकनीक पर हुई चर्चा


नदी संरक्षण, भारतीय कला-संस्कृति और आधुनिक तकनीक पर हुआ गहन मंथन; जनभागीदारी और नीतियों के व्यावहारिक क्रियान्वयन पर दिया गया जोर

अयोध्या, 28 नवंबर (हि.स.)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में 'इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिवर अफेयर्स' द्वारा आयोजित पांचवें अंतरराष्ट्रीय नदी सम्मेलन का शनिवार को समापन हो गया। सम्मेलन में नदी संरक्षण, भारतीय कला एवं संस्कृति में नदियों के महत्व और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नदी प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

नदियां और भारतीय कला एक-दूसरे की पूरक

दूसरे दिन की शुरुआत 'नदियां भारतीय कला जगत की प्राणवाहिनी' विषय पर विशेष व्याख्यान से हुई। मुख्य वक्ता के रूप में संस्कार भारती के अखिल भारतीय कला विमर्श संयोजक अरुण कुमार शर्मा ने भारतीय कला, संस्कृति और नदियों के आपसी संबंधों पर प्रकाश डाला। ऋग्वेद, नर्मदा नदी (रेवा) और बाणभट्ट की रचना 'कादंबरी' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत भोग की नहीं, बल्कि योग की भूमि है, जो प्रकृति से केवल आवश्यकतानुसार ग्रहण करने की सीख देती है। उन्होंने कहा कि नदियां न केवल जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करती हैं, बल्कि भारतीय साहित्य, कला और धार्मिक परंपराओं को भी आधार प्रदान करती हैं। जलवायु परिवर्तन और सतत जल प्रबंधन पर चर्चा में जलवायु परिवर्तन का प्रभाव पर अवध विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्रो. सिद्धार्थ शुक्ला ने नदियों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को रेखांकित किया। उन्होंने चेताया कि बदलती जलवायु परिवर्तन की परिस्थितियों के कारण सदानीरा नदियों के मौसमी नदियों में परिवर्तित होने का खतरा बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर वर्षा के स्वरूप और समुद्री जल के संतुलन पर पड़ता है। उन्होंने 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना के तहत प्रकृति संरक्षण को सांस्कृतिक जिम्मेदारी बताया।

एकीकृत दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर देते हुए सम्मेलन के संयोजक एवं SAIARD रिसर्च ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. बी. आर. चौधरी ने नदियों, पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के संबंधों पर विचार रखे। नदियों के चार प्रमुख आयामों—परिवार, संस्कृति, व्यवसाय और अर्थव्यवस्था—का उल्लेख करते हुए उन्होंने 'नमामि गंगे' पहल और शहरी जल प्रबंधन के लिए 'एक्वा स्मार्ट ग्रिड' जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर बल दिया।

इसके पश्चात आयोजित शोध पत्र प्रस्तुति सत्र की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज (भूगोल विभाग) की प्रो. मोनिका अहलावत ने की। इसमें दिल्ली विश्वविद्यालय, चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (पटना), जम्मू विश्वविद्यालय और इलाहाबाद विश्वविद्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए।

समापन सत्र में नीतियों के धरातल पर क्रियान्वयन का आह्वान के तहत पर्यावरण विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. विनोद चौधरी ने विश्वविद्यालय में 'सरयू नदी अनुसंधान केंद्र' की स्थापना के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण से जुड़े शोध केवल अकादमिक स्तर तक सीमित न रहकर नीतियों और व्यावहारिक कार्यों में भी लागू होने चाहिए।

आध्यात्मिक एवं औषधीय महत्व में रामकथा संग्रहालय के संजीव कुमार सिंह ने 'यत् पिण्डे तत् ब्रह्माण्डे' की अवधारणा और भारतीय ज्ञान परंपरा के संदर्भ में जल के औषधीय व आध्यात्मिक महत्व पर विचार रखे। उन्होंने सरयू और रामकथा के अटूट संबंध को रेखांकित करते हुए स्वच्छ जल के संरक्षण पर जोर दिया।

समाज और सरकार का साझा दायित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रामायण विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव कुमार मिश्रा ने गंगा नदी की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नदियों को केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि जीवन के आधार के रूप में देखना होगा। केवल नीतियां बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज और सरकार को मिलकर इन्हें धरातल पर उतारना होगा।

प्रतिभागियों का सम्मान

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और श्री राम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। सरिता दुबे और अलका श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। सरयू नदी पर आधारित शॉर्ट फिल्म एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माण के लिए ऋषभ राज के कार्य की विशेष सराहना की गई, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में योगदान के लिए रचना श्रीवास्तव और उनकी टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन अंतरा कुंडू और अदिति बरनवाल ने किया।

दो दिवसीय इस सम्मेलन के निष्कर्ष रूप में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि सरयू सहित देश की सभी नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए वैज्ञानिक शोध, सरकारी नीतियों, आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी का समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785032 Articles

Share this story