अवध विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षा शुरू, अनियमितता पर परीक्षा केन्द्र निरस्त
कुलपति ने निरीक्षण कर नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश
कल्पना शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय हैदरगंज में परीक्षा केन्द्र पर अनियमितताएं पर केन्द्र निरस्त
अयोध्या, 05 मई (हि.स.)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की एनईपी के तहत स्नातक एवं परास्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं मंगलवार से तीन पालियों में शुरू हो गईं। परीक्षा के प्रथम दिन कुलपति डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने अम्बेडकरनगर और अयोध्या के केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राम समुक्ष महाविद्यालय, रतनपुर (अम्बेडकरनगर) एवं कल्पना शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय हैदरगंज अयोध्या परीक्षा केन्द्र पर अनियमितताएं पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए केन्द्र को निरस्त कर दिया गया।
वहीं राम समुक्ष महाविद्यालय, रतनपुर (अम्बेडकरनगर) केन्द्र की सभी परीक्षाएं अब कर्मयोगी रामसूरत त्रिपाठी महाविद्यालय, सकरवारी (अम्बेडकरनगर) में आयोजित होंगी तथा कल्पना शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय हैदरगंज अयोध्या परीक्षा केन्द्र की परीक्षाएं राजा अखण्ड प्रताप महाविद्यालय, खपराडीह व रामसुचित सिंह सरस्वती महाविद्यालय, तारून अयोध्या में होगी। कुलपति के औचक निरीक्षण एवं सचल दल की रिपोर्ट के आधार पर अन्य कई परीक्षा केन्द्रों में भी परिवर्तन किया। एसडीजेपी महाविद्यालय उल्ला निजामपुर, कौलेश्वर सूर्यमती महाविद्यालय मोहनपुर गिलन्ट (अकबरपुर) तथा कर्नल जगन्नाथ सिंह महाविद्यालय, लोरपुर तजान (अकबरपुर, अम्बेडकरनगर) की परीक्षाएं अब भानमती स्मारक महाविद्यालय, अकबरपुर (अम्बेडकरनगर) केन्द्र पर आयोजित की जाएंगी। वहीं ग्रामोदय आश्रम पीजी कालेज वीरसिंह, सया अम्बेडकरनगर के छात्रों की परीक्षा रामसुचित सिंह सरस्वती महाविद्यालय, तारून अयोध्या में होगी। ये परिवर्तन 7 मई से प्रभावी होंगे। कुलपति ने निरीक्षण के दौरान सभी केन्द्राध्यक्षों को शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त सचल दल ने कई अन्य केन्द्रों का भी औचक निरीक्षण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

