पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही बनेगा जन-अभियान : संजय स्वामी

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही बनेगा जन-अभियान : संजय स्वामी


शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं अवध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में गोष्ठी आयोजित

अयोध्या, 07 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, अवध प्रांत तथा डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका विषयक विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर उन्हें सतत विकास के अभियानों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के पर्यावरण शिक्षा राष्ट्रीय संयोजक संजय स्वामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। युवा देश की रीढ़ हैं उनकी सक्रिय सहभागिता ही पर्यावरण संरक्षण को एक व्यापक जन-आंदोलन बना सकती है। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय के आईटी निदेशक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने स्वागत भाषण में युवाओं के सामाजिक उत्तरदायित्व और रचनात्मक योगदान को रेखांकित किया। विमर्श के दौरान वक्ताओं ने जोर दिया कि युवाओं की ऊर्जा और नवाचार का उपयोग जलवायु चुनौतियों के समाधान में होना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेन्द्र वर्मा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. आशुतोष पाण्डेय, डॉ. राना रोहित सिंह, डॉ. निमिष मिश्रा, डॉ. महेन्द्र पाल सिंह, डॉ. रविन्द्र भारद्वाज सहित कई प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं न्यास की पर्यावरण टोली के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story