अयोध्या : अमृत भारत ट्रेन से सस्ता और सुलभ होगा मुम्बई का सफर : विधायक

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या : अमृत भारत ट्रेन से सस्ता और सुलभ होगा मुम्बई का सफर : विधायक


अयोध्या : अमृत भारत ट्रेन से सस्ता और सुलभ होगा मुम्बई का सफर : विधायक


अयोध्या : अमृत भारत ट्रेन से सस्ता और सुलभ होगा मुम्बई का सफर : विधायक


- पीएम ने काशी से वर्चुवली दिखाई हरी झंडी, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से ट्रेन को विधायक ने किया रवाना

अयोध्या, 28 अप्रैल (हि.स.)। रामनगरी से मुम्बई टर्मिनल के लिए नई अमृत भारत ट्रेन का संचालन मंगलवार को शुरू हो गया। काशी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।

इस अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अमृत भारत ट्रेन का संचालन क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन विशेष रूप से मध्यम तथा निम्न वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जिससे कम लागत में लंबी दूरी की यात्रा करना आसान होगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थल से मुम्बई जैसे महानगर के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलने से श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम जनमानस को काफी सुविधा मिलेगी।

विधायक ने आगे कहा कि ट्रेन में स्लीपर और जनरल कोच लगाए गए हैं, ताकि आम जनता बिना अधिक खर्च के आरामदायक यात्रा कर सके। उन्होंने विश्वास जताया कि इस ट्रेन के संचालन से क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी और अयोध्या आने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी। मौके पर मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी, शशि प्रताप सिंह, बाल कृष्ण वैश्य, संजय गुप्ता, नंद कुमार सिंह, अश्वनी गुप्ता, रंजना सागर सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।

26 घंटे 20 मिनट में तय होगा मुम्बई का सफर

ट्रेन संख्या 22111/22112 की नियमित समय सारणी व किराया सूची बाद में जारी की जाएगी। मंगलवार को इसे उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलाया गया। ट्रेन में जनरल, स्लीपर कोच होंगे,। यह ट्रेन लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी 26 घंटे में तय करेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर सीटिंग/बर्थ, एलईडी लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरा व स्वच्छ शौचालय जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story