कृषि विवि में सजा दिवाली मेले का रंग, छात्र-छात्राओं ने बनाए दीये

WhatsApp Channel Join Now
कृषि विवि में सजा दिवाली मेले का रंग, छात्र-छात्राओं ने बनाए दीये


अयोध्या, 05 नवंबर (हि.स.)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत गुरुवार काे दिवाली मेले का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशन में किया गया।

मेले में सुसज्जित दीये, लिप्पन पेंटिंग, सजावटी लैंप, रेडी-टू-यूज रंगोली और विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल आकर्षण के केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और कौशल के माध्यम से दीपावली की पारंपरिक छटा को जीवंत किया। कुलसचिव डॉ. पी.एस. प्रमाणिक ने मेले का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को अपने छात्र जीवन के साथ-साथ सामाजिक जीवन में भी ज्ञान, सकारात्मकता और सेवा भावना का प्रकाश फैलाना चाहिए। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

मेले में 100 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ कौशल विकास, उद्यमिता और सामूहिक सहभागिता का अवसर मिला।

सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डा. साधना सिंह के संयोजन में संसाधन प्रबंधन एवं उपभोक्ता विज्ञान द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। डा. बबिता वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर विवि के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773159 Articles

Share this story