अयोध्या ऐसी भूमि है, जहां दिन और रात का भेद समाप्त हो जाता है : महंत मिथिलेश नंदिनीशरण

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या ऐसी भूमि है, जहां दिन और रात का भेद समाप्त हो जाता है : महंत मिथिलेश नंदिनीशरण


-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कला मंच का आयोजित हुआ दो दिवसीय साहित्य महोत्सव 'शब्द रंग'

अयोध्या, 24 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कला मंच के दो दिवसीय साहित्य महोत्सव 'शब्द रंग' में शनिवार को वैदिक एवं लौकिक वाङ्गय में श्री अयोध्या एवं श्रीराम' विषय पर हनुमंत निवास के महंत मिथिलेश नंदिनीशरण ने कहा कि अयोध्या को समझे बिना भारत की पहचान पूरी नहीं हो सकती। यह भारत का मर्म स्थल है और देश को जब भी नए पुनर्जागरण की जरूरत होगी, अयोध्या उसे नई ऊर्जा देगी।

उन्होंने कहा कि अयोध्या ऐसी भूमि है, जहां दिन और रात का भेद समाप्त हो जाता है। यह केवल एक नगर नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है। उन्होंने कहा कि अयोध्या को जानने और समझने के लिए केवल भारतीय ही नहीं, विदेशी भी यहां आए। फादर जोसेफ टेफेन्थैलर, हेंस बेकर और विलियम फिंच जैसे लोगों के साथ राय बहादुर लाला सीताराम ने भी अयोध्या पर लिखा। उनके मुताबिक, भारत को समझने की कोशिश में अयोध्या को जानना जरूरी रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनमानस में अयोध्या और राम की गहरी छाप है। इसी वजह से बच्चे के जन्म पर गाए जाने वाले सोहर में मां की तुलना कौशल्या और बच्चे की तुलना राम से की जाती है। यह लोक परंपरा में अयोध्या और राम के महत्व को दिखाता है।

इस अवसर पर भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद के सदस्य सचिव प्रो. सच्चिदानंद मिश्र ने कहा कि जिस हृदय में राम निवास करते हैं, वही अयोध्या है। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की पंक्ति 'सोई अवध जहं राम निवासू' का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या के आधिभौतिक, आधिदैविक और आध्यात्मिक स्वरूप हैं। तीर्थ नगरियों और सामान्य नगरों के अंतर को समझने के लिए सांस्कृतिक दृष्टि जरूरी है। साहित्यकार डॉ. जनार्दन उपाध्याय ने कहा कि रचनाकार अपनी श्रेष्ठ रचनाओं के विषय अतीत से लेता है, वर्तमान को बारीकी से देखता है और भविष्य की संभावनाओं को सामने रखता है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story