एबीवीपी ने छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
एबीवीपी ने छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


अयोध्या, 16 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की साकेत महाविद्यालय इकाई ने छात्र समस्याओं और छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर महाविद्यालय प्राचार्य को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। वहीं, बुधवार को ही अवध विश्वविद्यालय इकाई ने अवध विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय सिंह को चार सूत्रीय मांगपत्र दिया।

इस अवसर पर प्रांत सहमंत्री शिवम मिश्रा ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव न होने से विद्यार्थियों में निराशा है। आगामी सत्र में चुनाव कराकर छात्रों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर देने की मांग की गई। इसके अलावा जर्जर छात्रसंघ भवन की मरम्मत, पुस्तकें उपलब्ध कराने, पेयजल, वाटर कूलर, शौचालय व साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी गई। इकाई मंत्री विकास यादव ने परीक्षा के दौरान वाहनों की सुरक्षित पार्किंग, परीक्षा परिणाम व उपस्थिति से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा माइनर विषयों की फीस बिना पूर्व सूचना लिए जाने पर आपत्ति जताई। इकाई अध्यक्ष नीलम गोस्वामी ने बाहरी एवं अराजक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की। एबीवीपी ने महाविद्यालय प्रशासन को 15 दिन में समस्याओं के समाधान का समय दिया है। समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। वहीं, विश्वविद्यालय इकाई ने परीक्षा परिणाम व उपस्थिति संबंधी तकनीकी समस्याओं के समाधान, पेयजल व वॉशरूम की व्यवस्था, कॉशन मनी वापस करने तथा पीएचडी प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के इंटरव्यू की तिथि जल्द घोषित करने की मांग की। विश्वविद्यालय प्रशासन को एक सप्ताह में समाधान का अल्टीमेटम दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story