राम मंदिर चढ़ावे में जिसने की गड़बड़ी उसे मिले कड़ी सजा : अरविंद केजरीवाल

WhatsApp Channel Join Now
राम मंदिर चढ़ावे में जिसने की गड़बड़ी उसे मिले कड़ी सजा : अरविंद केजरीवाल


अयोध्या, 26 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में राम मंदिर के चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर केंद्र और संबंधित ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला और कहा कि भगवान श्रीराम के आभूषण और करोड़ों-अरबों रुपये के चढ़ावे की चोरी से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था आहत हुई है। उन्होंने कहा दर्ज की गई एफआईआर केवल औपचारिकता है और बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जिसने चोरी की है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि सिंधी समाज की ओर से मंदिर को चांदी की ईंट भेंट की गई, लेकिन उसकी रसीद तक नहीं दी गई। साथ ही सवाल उठाया कि कथित तौर पर मिली बड़ी मात्रा में चांदी और अन्य चढ़ावे का हिसाब कहां है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पहले प्रतिदिन करोड़ों रुपये का चढ़ावा आता था, लेकिन अब यह बेहद कम बताया जा रहा है। उन्होंने चढ़ावे में आभूषण और नकदी का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण से जुड़ी जमीन खरीद और निर्माण कार्य में भी अनियमितताएं हुईं। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर चढ़ावे की चोरी हुई है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका यह भी आरोप था कि कई महीनों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है, जिससे संदेह और गहरा हो गया है। केजरीवाल ने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर हुई है, वे इतनी बड़ी रकम के अकेले जिम्मेदार नहीं हो सकते। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि अरबों रुपये का चढ़ावा गायब हुआ है तो वह पैसा आखिर गया कहां। उन्होंने पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की

उन्होंने कहा चंदा चोरों को प्रभु श्री राम दंड देंगे। प्रेस वार्ता के दौरान दौरान सांसद संजय सिंह व प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story