हर मातृ शक्ति के अंदर अपार शक्ति निहित: दिनेश सिंह

WhatsApp Channel Join Now
हर मातृ शक्ति के अंदर अपार शक्ति निहित: दिनेश सिंह


-रानी रेवती देवी में बालिका शिक्षा एवं डिजिटल सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

प्रयागराज, 29 जून (हि.स)। विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रमुख दिनेश सिंह ने साेमवार काे अपने सम्बोधन में कहा कि प्रत्येक बालिका के भीतर अपार शक्ति निहित होती है, जिसे जागृत कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जीवन दर्शन एवं संस्कृति के मूल तत्वों को अपनाकर ही बालिकाओं का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास, साहस एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने बताया कि सोमवार को बालिका प्रशिक्षण वर्ग के तृतीय दिवस का आयोजन प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह के संयोजन एवं क्षेत्रीय बालिका शिक्षा प्रभारी उमाशंकर मिश्र के नेतृत्व में हुआ।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में प्रयागराज साइबर सुरक्षा सेल के प्रमुख सदस्य एवं इंस्पेक्टर ने “डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता” विषय पर छात्राओं को सम्बोधित किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, आधार एवं ओटीपी साझा करने के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए सतर्क एवं जागरूक रहने का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण वर्ग में “नारी की पाठशाला” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को आत्मरक्षा, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास एवं संस्कारित जीवन शैली के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं समाज सेवा जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे और छात्राओं से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को छात्राओं के लिए प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम का संचालन निधि द्विवेदी ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story