देवरिया में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन विषय पर जागरूकता रैली
देवरिया, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गुरुवार को मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत पुलिस लाइन में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन” विषय पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर एवं क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षण की उपस्थिति में महिलाओं, बच्चियों, पुलिसकर्मियों तथा रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी आरटीसी दीपशिखा वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक उमेश कुमार बाजपेई, यातायात प्रभारी गुलाब सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। रैली में रिक्रूट महिला आरक्षियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही।
रैली के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने समाज में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या सामाजिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर महिला सुरक्षा संबंधी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें साइबर हेल्पलाइन 1930, वूमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं के लिए 102 तथा अग्निशमन सेवा 101 शामिल हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार करना और उन्हें सशक्त बनाना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

