अग्निशमन सेवा दिवस पर निकली जागरूकता रैली, शहीद दमकल कर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
अग्निशमन सेवा दिवस पर निकली जागरूकता रैली, शहीद दमकल कर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि


अग्निशमन सेवा दिवस पर निकली जागरूकता रैली, शहीद दमकल कर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि


जौनपुर,14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को अग्निशमन विभाग की ओर से एक जागरूकता रैली निकालकर लोगों को आग से बचाव के प्रति सचेत किया गया। इस दौरान विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न मार्गों पर रैली निकालते हुए आमजन को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

फायर ब्रिडेग के सहायक अधिकारी नागेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि रैली के माध्यम से लोगों को बताया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दें। बिजली के उपकरणों को सुरक्षित तरीके से उपयोग करें और गैस सिलेंडर जैसी ज्वलनशील वस्तुओं के प्रति विशेष सावधानी बरतें। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर वर्ष 1944 में मुंबई डॉकयार्ड में हुए भीषण विस्फोट में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए 66 दमकलकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर अग्निशमन कर्मियों के बलिदान को नमन किया। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य अग्निशमन कर्मियों के साहस और बलिदान को सम्मान देना तथा आम जनता को आग से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

उल्लेखनीय है कि भारत में हर वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है। यह दिन 14 अप्रैल 1944 को मुंबई (तत्कालीन बॉम्बे) में ‘एसएस फोर्ट स्टिकाइन’ नामक जहाज पर लगी भीषण आग और विस्फोट की घटना की स्मृति में मनाया जाता है, जिसमें 66 दमकलकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story