ई-बुक्स तक पहुंच पर सीएसजेएमयू में जागरूकता कार्यक्रम, डिजिटल संसाधनों पर जोर : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
ई-बुक्स तक पहुंच पर सीएसजेएमयू में जागरूकता कार्यक्रम, डिजिटल संसाधनों पर जोर : कुलपति


कानपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। ई-बुक्स का सक्रिय और प्रभावी उपयोग शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के साथ-साथ शोध-उन्मुख शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।” सीएसजेएमयू में आयोजित ‘ई-बुक्स तक पहुंच’ विषयक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों, शोधार्थियों और छात्रों को डिजिटल संसाधनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। यह बातें शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सभागार में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देना और अकादमिक गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने कहा कि डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग समय की आवश्यकता है और इससे शोध एवं अध्ययन की गुणवत्ता में निरंतर सुधार संभव है। उन्होंने शिक्षकों, छात्रों एवं शोधार्थियों से ई-संसाधनों को अपनाने और उनके प्रभावी उपयोग पर बल दिया।

विशेष बात यह रही कि विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार संबद्ध संस्थानों को ई-बुक संसाधनों तक पहुंच प्रदान की गई है। इस पहल से विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों में शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने के साथ शोध कार्यों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में लाइब्रेरी साइंस के छात्रों एवं इंटर्न्स द्वारा तैयार ‘उद्घोष न्यूजलेटर’ का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर प्रो. आर.के. द्विवेदी, प्रो. सुधीर अवस्थी, रजिस्ट्रार डॉ. राकेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story