साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता जरूरी : एसीपी विवेक कुमार

WhatsApp Channel Join Now
साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता जरूरी : एसीपी विवेक कुमार


कानपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। संदिग्ध कॉल और संदेशों के प्रति सतर्क रहें और साइबर ठगी होने पर तत्काल इसकी सूचना दें। यह बातें बुधवार को साइबर अपराध के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित ‘साइलेंट क्राइम्स’ शॉर्ट फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान एसीपी विवेक कुमार ने कहीं।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर शाखा और कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त तत्वावधान में रोटरी क्लब सूर्या, कानपुर के सहयोग से ‘साइलेंट क्राइम्स’ शॉर्ट फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। करीब 40 मिनट की यह फिल्म साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों, अपराधियों की कार्यप्रणाली और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति लोगों को जागरूक करती है।

कानपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा निर्मित फिल्म में अभिनेता अन्नू कपूर ने साइबर क्राइम इंस्पेक्टर करतार सिंह की प्रमुख भूमिका निभाई है। वहीं, एसीपी आनंद ओझा ने एसीपी अंगद वर्मा की भूमिका निभाई है। फिल्म में साइबर अपराध के बदलते स्वरूप और मोबाइल, इंटरनेट व डिजिटल माध्यमों के जरिए आम लोगों को निशाना बनाने के तरीकों को दिखाया गया है।

स्क्रीनिंग के दौरान वक्ताओं ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल का जवाब देने अथवा बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।

कार्यक्रम में आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, मानद सचिव डॉ. (प्रो.) शालिनी मोहन, रोटरी क्लब सूर्या कानपुर के अध्यक्ष डॉ. रोटेरियन प्रशांत गुप्ता और सचिव डॉ. कुनाल सहाय समेत अनेक सदस्य और अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से साइबर अपराध के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल का संदेश दिया गया।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story