जागरूकता और समान अवसर से ही होगा नारी सशक्तिकरण : डॉ. ममता तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
जागरूकता और समान अवसर से ही होगा नारी सशक्तिकरण : डॉ. ममता तिवारी


कानपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। महिलाओं की समाज में बढ़ती भूमिका, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। नारी सशक्तिकरण केवल अधिकारों तक सीमित नहीं, बल्कि सम्मान और समान अवसर से जुड़ा विषय है। छात्राओं की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। ऐसे कार्यक्रम जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। यह बातें बुधवार को कार्यक्रम आयोजक डॉ. ममता तिवारी ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में आयोजित नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर अंशु यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजन एसोसिएट डीएसडब्ल्यू एवं एनएसएस अटल यूनिट की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. ममता तिवारी के नेतृत्व में किया गया।

विद्यार्थियों ने नारी सशक्तिकरण विषय पर आकर्षक पोस्टर तैयार कर प्रस्तुत किए, जिनका परिसर में प्रदर्शन किया गया। साथ ही छात्रों ने प्रेरणादायक उद्धरणों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की समाज में बढ़ती भूमिका, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के महत्व पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे सेल्फ डिफेंस प्रोग्राम “अस्त्र” का समापन भी इसी दिन हुआ। इस अवसर पर जूडो-कराटे टीम के सिहान विजय और उनकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने जूडो-कराटे की विधियों का प्रदर्शन किया।

अंत में छात्र-छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन विषय पर मानव श्रृंखला बनाकर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक रैली निकाली। इस दौरान पूरे परिसर में जागरूकता नारे लगाए गए और महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रसारित किया गया।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में प्रभावी रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story