क्विज में सृष्टि जायसवाल और निबंध प्रतियोगिता में खुशी सिंह रहीं प्रथम
गोरखपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग की ओर से आयोजित क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में युवा चेतना समिति के अध्यक्ष श्री मांधाता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. सुभी धुसिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियों से जोड़ना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि क्विज और निबंध जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और बौद्धिक क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर भी मिलता है।
मुख्य अतिथि श्री मांधाता सिंह ने प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए धैर्य, साहस और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें।
प्रतियोगिता के परिणामों में क्विज प्रतियोगिता में सृष्टि जायसवाल ने प्रथम, अंकिता ने द्वितीय तथा विनीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में खुशी सिंह प्रथम, शिखा द्वितीय तथा प्रिया तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपेंद्र मोहन सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. पवन कुमार, डॉ. मनीष कुमार पांडेय, डॉ. पूजा त्रिपाठी, डॉ. विनय कुमार गुप्ता सहित समाजशास्त्र विभाग के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

